धमतरी को मिली नई महिला एसपी,भावना पांडे संभालेंगी कमान..!

धमतरी। प्रदेशभर में पुलिस अधिकारियों के तबादलों का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को राज्य सरकार ने 24 आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की, जिसमें धमतरी जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) का भी तबादला किया गया।
आदेश के अनुसार, धमतरी के वर्तमान एसपी सूरज सिंह परिहार का तबादला कर उन्हें माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं आईपीएस भावना पांडे को धमतरी जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। अब वे जिले की कानून-व्यवस्था की कमान संभालेंगी।

गौरतलब है कि एसपी सूरज सिंह परिहार के तबादले की चर्चा पिछले कुछ समय से चल रही थी। हालांकि, प्रदेश के कई जिलों में एसपी बदले जाने के बावजूद उनका तबादला नहीं हुआ था। करीब दो वर्षों तक धमतरी जिले में सेवाएं देने के दौरान उन्होंने नशे के खिलाफ अभियान, अवैध शराब और जुए पर कार्रवाई, गंभीर अपराधों के त्वरित खुलासे तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में कई उल्लेखनीय पहल कीं।
अब जिले को पहली बार नहीं, बल्कि एक नए नेतृत्व के रूप में महिला आईपीएस अधिकारी भावना पांडे की कमान मिली है, जिनसे पुलिस व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।