छत्तीसगढ़ बजट 2026-27 में धमतरी को करोड़ों की सौगात, जल–सड़क–उद्योग–शिक्षा को मिली नई रफ्तार धमतरी को विकास का बड़ा तोहफा, बजट 2026-27 में मिली ऐतिहासिक स्वीकृतियाँ…

ग्रामीण अंचलों को स्वच्छ पेयजल की राहत, सिर्री समूह जलप्रदाय योजना को मंजूरी
दूरदर्शी और जनकेंद्रित बजट से धमतरी को नई गति
धमतरी… मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव सरकार का तीसरा बजट आज वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने नवीन विधानसभा भवन में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया | जिसमें पूरे छत्तीसगढ़ सहित धमतरी जिले के लिए विकास की अनेक महत्वपूर्ण सौगातें घोषित की गईं। यह बजट जिले की आधारभूत संरचना, औद्योगिक विकास, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य तथा पेयजल सुविधा को सुदृढ़ करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
सबसे बड़ी घोषणा सिर्री समूह जलप्रदाय योजना के लिए की गई है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के अंतर्गत इस योजना का बजट में प्रावधान किया गया है ।इस परियोजना से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी तथा हजारों परिवारों को दीर्घकालिक राहत मिलेगी। जल गुणवत्ता सुधार के साथ-साथ पाइपलाइन विस्तार और
आधुनिक जल शोधन प्रणाली भी स्थापित की जाएगी।औद्योगिक विकास को गति देने के लिए उद्योग विभाग के अंतर्गत छाती इंडस्ट्रियल क्लस्टर तथा कचना प्लग एंड प्ले इंडस्ट्रियल क्लस्टर के लिए भी राशि का प्रावधान किया गया है। इन परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे, लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा जिले में निवेश का वातावरण मजबूत होगा। “प्लग एंड प्ले” मॉडल के तहत तैयार अधोसंरचना के कारण उद्यमियों को शीघ्र उत्पादन प्रारंभ करने में सुविधा होगी।
लोक निर्माण विभाग (PWD) के अंतर्गत अधोसंरचना विकास के लिए भी महत्वपूर्ण राशि स्वीकृत की गई है। गंगरेल रोड के उन्नयन एवं चौड़ीकरण ,सिंगपुर–मोहरा मार्ग के सुदृढ़ीकरण तथा सिहावा–बोराई मार्ग के विकास के लिए बजट में प्रावधान है । इन सड़कों के बेहतर निर्माण से आवागमन सुगम होगा, व्यापार एवं पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीण-शहरी संपर्क मजबूत होगा।
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ेकरेली कॉलेज, एवं सिर्री कॉलेज भवन के विस्तार एवं अधोसंरचना विकास के लिए राशि की स्वीकृति दी गई है। इससे नए विषयों की शुरुआत, प्रयोगशालाओं के आधुनिकीकरण तथा छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। इसके अलावा कृषि, उद्यानकी, आदि योजनाओं को को गति देने राशि रखी गयी है । जिला अस्पताल में मरीजों को सुविधा प्राप्त करने के लिए नवीन भवन का निर्माण का प्रावधान किया गया है ।
विधानसभा क्षेत्र कुरूद के विधायक श्री अजय चंद्राकर ने छत्तीसगढ़ के वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में क्षेत्र को मिली महत्वपूर्ण सौगातों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार प्रकट किया है।
उन्होंने कहा कि सिर्री समूह जलप्रदाय योजना के लिए बजट प्रावधान कुरूद विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस योजना से दीर्घकालिक पेयजल समस्या का समाधान होगा तथा हजारों परिवारों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा। यह केवल एक अधोसंरचना परियोजना नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य और जीवन गुणवत्ता से जुड़ा संवेदनशील निर्णय है।
श्री चंद्राकर ने आगे कहा कि छाती इंडस्ट्रियल क्लस्टर तथा कचना प्लग एंड प्ले इंडस्ट्रियल क्लस्टर के लिए की गई बजटीय स्वीकृति से क्षेत्र में औद्योगिक वातावरण को नई ऊर्जा मिलेगी। “प्लग एंड प्ले” मॉडल के माध्यम से उद्योगों की शीघ्र स्थापना संभव होगी, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे और लघु एवं मध्यम उद्योगों को मजबूती मिलेगी। यह कदम आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ेकरेली कॉलेज तथा सिर्री कॉलेज भवन निर्माण एवं विस्तार के लिए स्वीकृत राशि को उन्होंने भविष्य की पीढ़ी के लिए निवेश बताया। उन्होंने कहा कि बेहतर अधोसंरचना, नवीन पाठ्यक्रमों की शुरुआत एवं आधुनिक सुविधाओं से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण मिलेगा और ग्रामीण अंचल के युवाओं को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
विधायक श्री अजय चंद्राकर ने कहा,“यह बजट संतुलित, दूरदर्शी और जनकेंद्रित है। जल, उद्योग और शिक्षा जैसे मूलभूत क्षेत्रों में किए गए प्रावधान कुरूद विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास का मजबूत आधार बनेंगे। मैं मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ कि उन्होंने हमारे क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए ठोस स्वीकृतियाँ प्रदान कीं। हम सभी जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन मिलकर इन परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन विकासात्मक पहलों से कुरूद विधानसभा क्षेत्र प्रगति, रोजगार सृजन और आधारभूत सुविधाओं की दृष्टि से एक नए आयाम स्थापित करेगा।
महापौर श्री रामू रोहरा ने बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा, “धमतरी नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के लिए यह बजट नई संभावनाओं का द्वार खोलेगा। औद्योगिक क्लस्टरों से रोजगार बढ़ेगा, सड़कों के विकास से कनेक्टिविटी मजबूत होगी और पेयजल योजना से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा। यह बजट जिले के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है।”
कुल मिलाकर, वर्ष 2026-27 का यह बजट धमतरी जिले को विकास की नई गति प्रदान करने वाला साबित होगा, जिससे आधारभूत सुविधाओं में सुधार, आर्थिक गतिविधियों में विस्तार और जनजीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक परिवर्तन सुनिश्चित होगा।
महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि प्रस्तुत बजट प्रदेश सरकार की दूरदर्शी सोच और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प का सशक्त प्रतिबिंब है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में लिए जा रहे ठोस निर्णयों और जनकल्याणकारी प्रावधानों से राज्य प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। महापौर ने इस दूरगामी एवं जनहितैषी बजट के लिए मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री एवं संपूर्ण मंत्रिपरिषद के प्रति आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने बजट को धमतरी के लिए “विकास का समग्र खाका” बताते हुए कहा कि यह प्रावधान जिले की दीर्घकालिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने कहा, “जल, सड़क, उद्योग और शिक्षा—इन चारों क्षेत्रों में संतुलित निवेश से धमतरी आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। जिला प्रशासन सभी स्वीकृत परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के लिए प्रतिबद्ध है।”