धमतरी

धमतरी पुलिस का जुआरियों पर बड़ा प्रहार, सांकरा समेत तीन जगह दबिश देकर 15 आरोपी गिरफ्तार..!

धमतरी। जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के सख्त निर्देश पर कोतवाली, करेलीबड़ी और सिहावा पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई करते हुए ताश पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 15 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने मिशन ग्राउंड धमतरी, ग्राम भेण्ड्री और ग्राम सांकरा में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान जुआरियों के कब्जे से कुल 44,890 रुपये नगद और 52-52 पत्ती ताश जब्त की गई।

मिशन ग्राउंड में दो जुआरी गिरफ्तार

सिटी कोतवाली पुलिस ने मिशन ग्राउंड धमतरी में दबिश देकर जुआ खेलते हुए भावेश जैन और कैलाश केशवानी को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 41,200 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।

भेण्ड्री में पांच आरोपी पकड़े गए

चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने ग्राम भेण्ड्री में जैतखाम के सामने पीपल पेड़ के नीचे कार्रवाई करते हुए ज्ञानेश्वर मांड़े, राकेश निषाद, रूपेश निषाद, चंद्रशेखर सिन्हा और टिकेश निषाद को गिरफ्तार किया। मौके से 1,150 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश बरामद की गई।

सांकरा में आठ जुआरी गिरफ्तार

वहीं थाना सिहावा पुलिस ने ग्राम सांकरा गौठान के पीछे दबिश देकर गिरधर निषाद, द्वारिका साहू, नौहर लाल साहू, ईश्वर तारक, मोहन ओटी, अश्वन साहू, संतोष नाथ और राजू साहू को जुआ खेलते हुए पकड़ा। पुलिस ने इनके पास से 2,540 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

जुआ-सट्टे के खिलाफ अभियान जारी

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसे मामलों में आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जुआ-सट्टा या किसी अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button