धमतरी एसपी भावना पांडेय सड़कों पर उतरीं, ट्रैफिक व्यवस्था परखी, कोतवाली में भी किया निरीक्षण…

धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय (भा.पु.से.) ने मंगलवार को शहर की यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए प्रमुख चौक-चौराहों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बढ़ते यातायात दबाव, पार्किंग व्यवस्था और जाम की स्थिति का अवलोकन किया तथा ट्रैफिक प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
एसपी ने यातायात प्रभारी को निर्देशित किया कि प्रमुख चौक-चौराहों पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए, यातायात कर्मियों की प्रभावी ड्यूटी लगाई जाए और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात उपलब्ध कराना धमतरी पुलिस की प्राथमिकता है।
यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करने के बाद पुलिस अधीक्षक ने सिटी कोतवाली थाना का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीएनएस कार्य, थाना अभिलेख, मालखाना, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और थाना परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना अभिलेखों को अद्यतन रखने, कार्यालयीन कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा थाना परिसर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि थाना आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ संवेदनशील, विनम्र और पेशेवर व्यवहार करें तथा उनकी शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।