सड़क हादसे में घायल चार बाइक सवारों के लिए मददगार बने जनपद अध्यक्ष,पहुंचाया अस्पताल…

धमतरी/नगरी। नगरी-सांकरा मार्ग पर सोमवार रात करीब 9 बजे एक सड़क हादसे में चार बाइक सवार घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि चारों घायल सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़े थे। इसी दौरान मौके से गुजर रहे जनपद पंचायत नगरी के अध्यक्ष महेश गोटा को हादसे की सूचना मिली।
जानकारी के मुताबिक, महेश गोटा अपने निजी कार्यक्रम के सिलसिले में सिहावा जा रहे थे। सूचना मिलते ही वे तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को मदद उपलब्ध कराई। उन्होंने अपने निजी वाहन के साथ पुलिस वाहन की मदद से घायलों को सिविल अस्पताल नगरी पहुंचाया,बताया गया कि हादसे में घायल चारों बाइक सवारों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

इस दौरान जनपद पंचायत नगरी के उपाध्यक्ष हृदय साहू, जनपद सदस्य प्रमोद कुंजाम, भाजपा अजा मोर्चा कुकरेल के अध्यक्ष भोज सोनवानी और भाजपा मंडल कुकरेल के मीडिया प्रभारी वरुण देव नेताम भी मौजूद रहे और राहत कार्य में सहयोग किया।
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने की इस पहल की चर्चा रही। सड़क हादसे के बाद समय पर मदद मिलना घायलों के लिए महत्वपूर्ण साबित हुआ।