Earthquake in Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ में भूकंप से कांपी धरती,इस जिलें में महसूस किए गए भूकंप के झटके,ओडिशा का कोरापुट था केंद्र…

डेस्क : बस्तर संभाग में बीती रात अचानक आए भूकंप के झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। रात करीब 11:31 बजे जमीन हिलने से लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।
National Centre for Seismology के मुताबिक, भूकंप का केंद्र ओडिशा का Koraput रहा। यह भूकंप जमीन से लगभग 5 किलोमीटर नीचे आया और इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई।
जगदलपुर समेत बस्तर के कई इलाकों में लोगों ने स्पष्ट रूप से झटके महसूस किए। देर रात अचानक जमीन हिलने से लोग कुछ देर के लिए सहम गए और एहतियातन घरों से बाहर निकल आए।
भूकंप के झटकों का असर कई जगहों पर लगे CCTV कैमरों में भी रिकॉर्ड हुआ है, जिसमें इमारतों और सामान को हिलते हुए देखा जा सकता है। यह दृश्य लोगों के बीच तेजी से वायरल हो रहे हैं
बस्तर क्षेत्र को आमतौर पर भूकंप के लिहाज से अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है। ऐसे में यहां जमीन का इस तरह हिलना न केवल आम लोगों बल्कि विशेषज्ञों के लिए भी चिंता और अध्ययन का विषय बन गया है।



