छत्तीसगढ़

सांसद संतोष पांडेय का प्रयास रंग लाया, कवर्धा मेडिकल कॉलेज को मिली एनएमसी की मान्यता। जेपी नड्डा को लिखे पत्र के बाद दूर हुई बाधा,जिले में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई दिशा।

कवर्धा/कबीरधाम जिले के लिए बड़ी खुशखबरी है।क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय के प्रयासों से कवर्धा मेडिकल कॉलेज को आखिरकार नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) से मान्यता मिल गई है। आयोग ने इस संबंध में स्वीकृति पत्र भी जारी कर दिया है। इससे जिले में मेडिकल शिक्षा का मार्ग प्रशस्त हो गया है और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी।

सांसद संतोष पांडेय ने 16 जून 2026 को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर मेडिकल कॉलेज को मान्यता दिलाने का आग्रह किया था। उन्होंने पत्र में बताया था कि केंद्र सरकार पहले ही मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी दे चुकी है और राज्य सरकार भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत कर चुकी है। इसके बावजूद अधोसंरचना संबंधी कारणों का हवाला देते हुए एनएमसी द्वारा मान्यता नहीं दी जा रही थी।

सांसद ने पत्र में सुझाव दिया था कि मेडिकल कॉलेज का संचालन फिलहाल जिला अस्पताल के समीप स्थित आयुष भवन में किया जा सकता है। आवश्यकता पड़ने पर उद्योग भवन और छात्र-छात्राओं के आवास के लिए पुराने तहसील कार्यालय का उपयोग भी किया जा सकता है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया था कि आगामी वर्षों में सभी आवश्यक अधोसंरचनात्मक मानकों को पूरा कर लिया जाएगा।

सांसद की पहल के बाद नेशनल मेडिकल कमीशन ने मामले पर पुनर्विचार करते हुए मेडिकल कॉलेज को मान्यता प्रदान कर दी। इस उपलब्धि पर सांसद संतोष पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के प्रति आभार व्यक्त किया।

वर्षों की लगातार पहल का मिला परिणाम

सांसद संतोष पांडेय लंबे समय से कबीरधाम जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए प्रयासरत रहे हैं। वर्ष 2021 में उन्होंने लोकसभा में यह मुद्दा उठाया और तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्ष वर्धन को पत्र लिखा। इसके बाद वर्ष 2023 में तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात कर मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति का आग्रह किया। केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से भवन निर्माण की स्वीकृति दिलाने के लिए भी पहल की, जिसके बाद राज्य सरकार ने निर्माण कार्य के लिए प्रशासकीय मंजूरी प्रदान की।

अब एनएमसी की मान्यता मिलने से कबीरधाम जिले में मेडिकल शिक्षा का नया अध्याय शुरू होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button