सुशासन तिहार से किसानों के चेहरे पर आई मुस्कान मस्तूरी के ग्राम पताईडीह के किसानो को मिला सिंचाई पंप क्या कहते किसान अब जानें पढ़े पूरी ख़बर
बिलासपुर//सुशासन तिहार में जिला प्रशासन ने दो किसानों के आवेदनों पर तत्परता से कार्यवाही करते हुए उन्हें अनुदान पर सिंचाई पंप प्रदान किया है। मस्तूरी विकासखण्ड के ग्राम पताईडीह के दो किसानों चंदाराम जांगड़े और टकेश्वर केंवट ने बीज निगम द्वारा संचालित चौंप्स योजना के तहत पेट्रोल चलित सिंचाई पंप की मांग की थी। कृषि विभाग ने उनकी मांग पर त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों को चैंप्स के माध्यम से अनुदान पर सिंचाई पंप उपलब्ध कराया है। ये दोनों सीमांत किसान अब अपने फसलों को बचाने के साथ ही सब्जियों की खेती भी कर सकेंगे। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया है।
क्या कहते हैं किसान…
चंदाराम जांगड़े ने बताया कि वे डेढ़ एकड़ में खेती करते हैं। उसे लंबे समय से सिंचाई पंप की आवश्यकता थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण खरीद नहीं पा रहे थे। शासकीय योजना के माध्यम से अनुदान पर पंप लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी नहीं होने के कारण वे इसके लिए आवेदन नहीं कर पा रहे थे। सुशासन तिहार में गांव में आवेदन के लिए पेटी लगने पर उसने अपना आवेदन डाला। कृषि विभाग ने उसके आवेदन पर तत्परता से कार्यवाही कर अनुदान पर उसे पेट्रोल चलित सिंचाई पंप प्रदान किया।
पताईडीह के ही किसान टकेश्वर केंवट ने बताया कि उसके पास करीब एक एकड़ कृषि भूमि है। सिंचाई पंप खरीदने की इच्छा लंबे समय से थी, लेकिन घर की खराब माली हालत के कारण संभव नहीं हो पा रहा था। सुशासन तिहार में कृषि विभाग ने उसे बहुत कम दर पर सिंचाई पंप उपलब्ध कराया है। उसे 25 हजार रुपए का पंप अनुदान पर आधी कीमत पर मिला है। सिंचाई के लिए पंप मिलने पर अब वह बेहतर ढंग से खेती कर पाएगा। धान के साथ अब वह सब्जी-भाजी भी उगा सकेगा जिससे आमदनी बढ़ेगी। सुशासन तिहार के दौरान आवेदन पर त्वरित कार्यवाही होने और सिंचाई पंप मिलने पर टकेश्वर ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी को आभार व्यक्त किया है।