छत्तीसगढ़

CG – SBI की महिला कैशियर गिरफ्तार, इतने करोड़ की धोखाधड़ी मामले में हुई गिरफ्तारी, जाने पूरा मामला……

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ एसीबी की टीम ने दो करोड़ का गबन करने वाली महिला कैशियर को बिल्हा स्टेट बैंक से गिरफ्तार किया है। कैशियर ने बैंक के अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर 2 करोड़ 6 लाख 37 हजार का गबन की थीं। स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक बिल्हा की शिकायत पर एसीबी की टीम ने यह कार्रवाई की है। महिला कैशियर का नाम तेजवथ थीरापतम्मा है।

शाखा प्रबंधक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बिल्हा शाखा, जिला बिलासपुर द्वारा राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण/एन्टी करप्शन ब्यूरो, मुख्यालय रायपुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 19 दिसंबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच कैशियर एवं अन्य कर्मचारियों ने पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक के रिकॉर्ड और खातों में छेड़छाड़ की तथा बैंक को भारी आर्थिक क्षति पहुंचाई।

शिकायत के आधार पर ब्यूरो ने 19 जनवरी 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(A), 13(2) सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 03/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी।

जांच के दौरान बैंक द्वारा कराई गई विभागीय जांच में भी श्रीमती तेजवथ थीरापतम्मा एवं अन्य कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। एसीबी बिलासपुर की टीम लगातार आरोपी कैशियर की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि कैशियर गोपनीय रूप से बिल्हा स्थित बैंक शाखा पहुंची हैं।

सूचना के आधार पर एसीबी टीम ने 26 फरवरी 2026 को कैशियर को अभिरक्षा में लेकर गहन पूछताछ की। पूछताछ में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है।

गिरफ्तार कैशियर को विशेष न्यायालय बिलासपुर में पेश कर रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया जारी है। प्रकरण में एसीबी द्वारा आगे की विवेचना जारी है।

Related Articles

Back to top button