छत्तीसगढ़

सरदार पटेल की प्रतिमा की नींव,14,853 किसानों को रियायती शक्कर का वितरण, पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने 2,946 नए किसान सदस्यों को बांटे शेयर प्रमाण पत्र।

पंडरिया/किसानों और सहकारिता को मजबूत करने की दिशा में पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित,पंडरिया में विधायक भावना बोहरा ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर 229 गांवों के 14,853 शेयरधारक किसानों को रियायती दर पर 50 किलो शक्कर का वितरण किया गया। वहीं 2,946 नए किसान सदस्यों को शेयर एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी गईं।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि गन्ना किसान ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। किसानों की मेहनत का उचित लाभ सुनिश्चित करना और सहकारी शक्कर कारखाने को मजबूत करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनके गन्ने का पूरा भुगतान मिले, इसके लिए लगातार प्रयास किए गए हैं।

भावना बोहरा ने बताया कि इस वर्ष कारखाने से किसानों को 40 करोड़ रुपये से अधिक की एफआरपी राशि का शत-प्रतिशत भुगतान 15 जुलाई तक कर दिया गया, जिसे उन्होंने पिछले पांच वर्षों में सबसे तेज भुगतान बताया। उन्होंने कहा कि किसान आर्थिक रूप से मजबूत होंगे तो गांव मजबूत होंगे और गांवों की मजबूती से प्रदेश की अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसान कल्याण और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। सहकारिता से अधिक से अधिक किसानों को जोड़कर कृषि को लाभकारी बनाने के प्रयास जारी हैं।

कार्यक्रम में किसान संघ के पदाधिकारी,भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता,जनप्रतिनिधि, शक्कर कारखाना के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button