CG – नौकरी पाने का सुनहरा मौका : 400 से अधिक पदों पर होगी भर्ती, 5वीं पास भी कर सकते हैं आवेदन, जानिए डिटेल्स…..

रायपुर। शिक्षित बेरोजगारों के लिए रोजगार पाने का सुनहरा मौका है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायपुर द्वारा सोमवार 12 मई 2026 को लायवलीहुड कॉलेज, जोरा में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला सुबह 11:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें निजी क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी।
बता दें कि इस रोजगार मेले के माध्यम से कुल 413 विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। खास बात यह है कि इसमें कक्षा 5वीं से लेकर 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, इंजीनियरिंग और डिप्लोमा पास उम्मीदवारों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
मेले में ESAF स्वश्रय मल्टीस्टेट एग्रो कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, JD हार्डस्केप्स प्राइवेट लिमिटेड, Elxer कम्युनिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड, परिश्रम ह्यूमन रिसोर्स, ITM एडुटेक ट्रेनिंग प्राइवेट लिमिटेड सहित कई कंपनियां शामिल होंगी, जो विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन करेंगी।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए आवेदकों को छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक योग्यता के दस्तावेज, रोजगार पंजीयन प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा की छायाप्रति और पासपोर्ट साइज फोटो लेकर निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होना होगा।
अभ्यर्थी रिक्त पदों की संख्या, पदवार योग्यता, वेतनमान और कार्यस्थल से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, रायपुर से संपर्क कर सकते हैं या विभागीय वेबसाइट https://erojgar.cg.gov.in पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
यह रोजगार मेला युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।


