CG – ब्लॉक स्तरीय प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन – विधायक विनायक गोयल हुए मुख्य अतिथि

ब्लॉक स्तरीय प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन – विधायक विनायक गोयल हुए मुख्य अतिथि
जगदलपुर। बस्तरनार ब्लॉक में आज ब्लॉक स्तरीय प्रवेश उत्सव का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर चित्रकोट लोकसभा क्षेत्र के विधायक विनायक गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में गोयल ने छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आवश्यकता और महत्ता से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही आत्मनिर्भर और सशक्त भारत की आधारशिला है, और इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने विद्यालय संचालन में सभी की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए शिक्षा को जन आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक गोयल ने निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया और कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल और पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद देते हुए उनकी मेहनत और लगन की सराहना की।
उल्लेखनीय उपलब्धियां :-
शौर्य दीवान (कक्षा 5वीं, सागेस बस्तरनार) ने 92% अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
साहिल कश्यप (कक्षा 8वीं) ने 89.5% अंक अर्जित किए और प्रयास आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में अनुसूचित जनजाति वर्ग (ST Category) में प्रथम स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक सफलता हासिल की। यह न केवल उनके विद्यालय बल्कि पूरे ब्लॉक के लिए गौरव का क्षण रहा।
इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के प्राचार्य श्री लक्ष्मण जुर्री एवं ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री सशिधर निषाद की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों अधिकारियों ने बच्चों को शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया और निरंतर परिश्रम की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पालकों तथा विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। यह प्रवेश उत्सव क्षेत्र के लिए प्रेरणा, ऊर्जा और शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक बन गया।