पोते ने जलाकर की दादा की हत्या – संपत्ति विवाद में 65 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत। कबीरधाम जिले के ग्राम बामी की वारदात, पारिवारिक रंजिश और आवेश बना खूनी कारण, आरोपी पोता गिरफ्तार

जिले के थाना सिंघनपुरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बामी में 3-4 जून की रात एक घटना सामने आई है। 65 वर्षीय झड़ी राम साहू की उनके ही पोते ने संपत्ति विवाद के चलते आग लगाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर इस जघन्य अपराध का खुलासा करते हुए आरोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, झड़ी राम साहू अपने घर में सो रहे थे, तभी देर रात लगभग 1:30 बजे उनके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। गंभीर रूप से जलने के बाद उन्होंने किसी तरह घर में घुसकर पत्नी को आवाज दी। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
घटनास्थल से पेट्रोल की गंध और जलने के निशानों ने स्पष्ट कर दिया कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर एंटीमार्टम बर्निंग की पुष्टि की।
जांच के दौरान पारिवारिक तनाव और संपत्ति विवाद की कड़ियाँ जुड़ती गईं। पुलिस ने जब मृतक के पोते दीपक साहू (पिता – इटवारी साहू) से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह नाराज़ था कि उसके दादा ने अपने खेत का हिस्सा उसके पिता को नहीं दिया। इस भय में कि उसे भविष्य में कुछ नहीं मिलेगा, उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
पुलिस ने दीपक साहू को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 111 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में बीते चार दिनों में तीन हत्या की घटनाएं सामने आईं, जिनमें से दो का त्वरित खुलासा कर दिया गया है। इन घटनाओं में कानून व्यवस्था से अधिक पारिवारिक तनाव, भावनात्मक आवेग और संपत्ति विवाद जिम्मेदार पाए गए हैं।
जनता से अपील करते हुए पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस हर परिस्थिति में सजग और तत्पर है।