
नगरी की फायर ब्रिगेड सड़क हादसे का शिकार, चालक की मौके पर मौत
छत्तीसगढ़ धमतरी… नगर पंचायत नगरी की फायर ब्रिगेड वाहन सोमवार शाम करीब 5 बजे केरेगांव-गट्टासिली मार्ग स्थित खतरनाक मोड़ पर भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार फायर ब्रिगेड वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी क्रूजर वाहन से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि अग्निशमन वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में चालक राजू साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नगर पंचायत नगरी की फायर ब्रिगेड नियमित कार्य से धमतरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान गट्टासिली मोड़ के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे खड़ी क्रूजर से जा भिड़ा। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायल कंडक्टर को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल रवाना किया। वहीं चालक राजू साहू को गंभीर चोटें आने के कारण चिकित्सकों ने मौके पर ही मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना के चलते कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को बहाल कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और खतरनाक मोड़ को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि गट्टासिली मोड़ पहले से ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र माना जाता है और यहां पूर्व में भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मोड़ पर चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।



