छत्तीसगढ़धमतरी

CG में फिर हाई वोल्टेज ड्रामा! दो पत्नियों के विवाद में 60 फीट ऊंचे ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ा युवक, गांव में मचा हड़कंप,

धमतरी जिले में एक बार फिर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जहां पारिवारिक विवाद से परेशान एक युवक करीब 60 फीट ऊंचे ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू कर दी। घटना के चलते पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम भेंड्रा में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव का रहने वाला यादराम साहू अचानक हाई वोल्टेज ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया। ग्रामीणों ने युवक को टावर पर चढ़ते देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही भखारा पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर जमा हो गए और युवक से नीचे उतरने की अपील करते रहे। हालांकि काफी देर तक युवक किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक का अपनी दो पत्नियों के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले भी यही युवक इसी ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया था और उस समय भी काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया था।

फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में जुटी हुई है। घटना के कारण इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button