CG – युवक की मौत पर भारी बवाल : SDM-नायब तहसीलदार पर ग्रामीणों की पिटाई का आरोप, एसडीएम-नायब तहसीलदार सहित 5 हिरासत में….जांच में जुटी पुलिस……

बलरामपुर। जिले के हंसपुर गांव में राजस्व अमले की कार्रवाई के दौरान कथित मारपीट में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। घटना कुसमी थाना क्षेत्र की है और पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है। प्रशासन ने एहतियातन अस्पताल और थाने में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्व विभाग, छत्तीसगढ़ की टीम बॉक्साइड से जुड़े एक ट्रक पर कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान स्थानीय ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति तनावपूर्ण हो गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
झड़प के कुछ समय बाद एक ग्रामीण की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के कारणों को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने मारपीट के आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि झड़प के दौरान हुई कथित मारपीट के चलते ही युवक की मौत हुई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करुण डहरिया, नायब तहसीलदार सहित कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। आधिकारिक तौर पर मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही की जाएगी।



