स्टॉक पंजी नहीं मिली तो ए.के. राइस इंडस्ट्रीज पर बड़ी कार्रवाई, दोनों इकाइयों से 32,878 क्विंटल धान और 1,425 क्विंटल चावल जब्त..!

धमतरी। समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के बीच धान के अवैध भंडारण और स्टॉक में अनियमितताओं पर जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम भोयना स्थित ए.के. राइस इंडस्ट्रीज और ए.के. राइस इंडस्ट्रीज यूनिट-2 का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान स्टॉक पंजी प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों इकाइयों में भंडारित 32,878 क्विंटल धान और 1,425 क्विंटल चावल जब्त किया गया।
प्रशासन के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। धान के अवैध भंडारण, परिवहन और कस्टम मिलिंग से जुड़ी अनियमितताओं पर नियंत्रण के लिए जिले में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 16 नवंबर को राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम भोयना स्थित दोनों राइस मिलों में पहुंची और वहां भंडारित खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन किया।

जांच के दौरान फर्म के संचालक अकील अहमद खान मौके पर अनुपस्थित मिले। वहीं, मौके पर मौजूद मुंशी सोहेल रजा द्वारा धान एवं चावल से संबंधित स्टॉक पंजी जांच दल के समक्ष प्रस्तुत नहीं की गई। स्टॉक पंजी उपलब्ध नहीं होने के कारण अधिकारियों ने मौके पर भंडारित खाद्यान्न का नियमानुसार सत्यापन किया।
भौतिक सत्यापन में दोनों इकाइयों में कुल 32,878 क्विंटल धान यानी करीब 80,000 कट्टा तथा 1,425 क्विंटल चावल पाया गया। जांच दल ने उक्त संपूर्ण खाद्यान्न को जब्त कर मौके पर मौजूद मुंशी सोहेल रजा की सुपुर्दगी में दे दिया।
कस्टम मिलिंग के तहत हो रहा था चावल जमा
प्रशासन ने बताया कि वर्तमान में दोनों फर्मों द्वारा कस्टम मिलिंग के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 का चावल जमा करने का कार्य किया जा रहा है। जांच के दौरान स्टॉक पंजी प्रस्तुत नहीं किए जाने को गंभीरता से लेते हुए कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश, 2016 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और भंडारण तथा कस्टम मिलिंग से संबंधित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए राइस मिलों, गोदामों और अन्य संबंधित संस्थानों की जांच आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।