अन्य ख़बरेंछत्तीसगढ़

बाॅंकीमोंगरा कुसमुंडा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में नहीं हुई सुधार तो जल्द होगा उग्र आंदोलन, बाॅंकीमोंगरा नगर परिषद के कांग्रेसी पार्षदों ने सौंपा ज्ञापन,देख पूरी ख़बर..

नयाभारत कोरबा नगर पालिका परिषद बाँकीमोंगरा एवं कुसमुंडा क्षेत्र में लगातार सामने आ रही विद्युत संबंधी समस्याओं को लेकर विपक्षी पार्षदों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया है। विपक्षी पार्षदों ने AE पंकज सिंह नरपाल से मुलाकात कर अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने, विद्युत तारों की मरम्मत कराने तथा जर्जर विद्युत खंभों को बदलने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

पार्षदों ने कहा कि क्षेत्र में हल्की हवा चलने या बारिश की संभावना होने पर भी बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। कई बार मौसम सामान्य होने के बावजूद घंटों बिजली गुल रहने से आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लगातार बिजली की आंख-मिचौली से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यवसायिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।

विपक्षी पार्षदों के अनुसार कुछ माह पूर्व नगर पालिका बाँकीमोंगरा कार्यालय में विद्युत विभाग से संबंधित समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में समस्याओं का एक माह के भीतर निराकरण किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी कई समस्याएं यथावत बनी हुई हैं। जर्जर खंभों को बदलने और लटकते विद्युत तारों की मरम्मत की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने की बात पार्षदों ने कही। नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास सहित पार्षदों ने कहा कि क्षेत्रवासियों को नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलना आवश्यक है।

उन्होंने विद्युत विभाग से सभी संबंधित समस्याओं का 07 दिनों के भीतर निराकरण करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो विपक्षी पार्षदों द्वारा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद तेजप्रताप सिंह, पवन गुप्ता, संदीप डहरिया, मंडल अध्यक्ष यशपाल कंवर तथा ब्लॉक अध्यक्ष NSUI प्रमोद कारके उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button