CG – इंडस टावर पर रोक, नगर निगम में हुई महत्वपूर्ण बैठक…

इंडस टावर पर रोक, नगर निगम में हुई महत्वपूर्ण बैठक
जगदलपुर। शहर में स्थापित किए जा रहे इंडस टावर को लेकर नगर निगम द्वारा सख्त रुख अपनाया गया है। जगदलपुर महापौर संजय पांडे के मार्गदर्शन एवं आयुक्त प्रवीण वर्मा के दिशा निर्देश पर नगर निगम के राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा के चेंबर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें निगम के राजस्व अधिकारी एवं इंडस टावर लिमिटेड के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। विगत दिनों शांति नगर में स्थापित हो रहे इंडस टावर को शांति नगर वार्ड पार्षद जोस्टिन भवानी एवं वार्ड वासियों द्वारा इंडस टावर का विरोध किया गया।
बैठक में यह जानकारी मांगी गई कि अब तक जगदलपुर शहर में कुल कितने इंडस टावर लगाए गए हैं, उनमें से कितने वैध व अवैध हैं, कितने टावरों का रिनुअल हुआ है और कितनों का नहीं और टावर शेयरिंग का भुगतान कब से लंबित है।
इंडस टावर लिमिटेड जो कि भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया जैसी प्रमुख दूरसंचार कंपनियों की साझेदारी में संचालित है,से स्पष्ट जानकारी मांगी गई है। जब तक सभी आवश्यक दस्तावेज, अनुमतियाँ, और राजस्व संबंधित जानकारी निगम को नहीं मिल जाती, तब तक शहर में नई टावर स्थापना पर रोक लगा दी गई है।
राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने स्पष्ट किया कि “नगर निगम के गठन के बाद से अब तक स्थापित सभी टावरों की समीक्षा की जाएगी और जिन टावरों में अनियमितता पाई जाएगी, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस बैठक में पार्षद जस्टिन भवानी, सब इंजीनियर नगर निगम दीपांशु देवांगन, इंडस टावर से अंकित, सुनील कुमार उपस्थित रहे।