सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की नीतियों से भारत बना सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर – धरमलाल कौशिक ‘संकल्प से सिद्धि’ प्रेस वार्ता में मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों पर हुई चर्चा

कवर्धा/प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी जिला कवर्धा द्वारा ‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान के अंतर्गत पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता विधायक बिल्हा एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक उपस्थित रहे। उनके साथ जिला भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी, पूर्व विधायक अशोक साहू, रामकुमार भट्ट, अनिल ठाकुर एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला संयोजक जसविंदर बग्गा द्वारा प्रेस वार्ता के उद्देश्य और प्रधानमंत्री मोदी के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए की गई।
धरमलाल कौशिक ने कहा,विकसित भारत के अमृतकाल में मोदी सरकार ने सेवा को संकल्प, सुशासन को संस्कृति और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाया है। बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार मुक्त शासन की मिसाल कायम हुई है। 100 से अधिक योजनाओं के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुँचा है।”
उन्होंने बताया कि 27 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं, जबकि 81 करोड़ नागरिकों को मुफ्त अनाज, 11 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत सहायता और 4 करोड़ से अधिक आवास दिए गए हैं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत 15 करोड़ से अधिक घरों में नल से जल पहुंचा है।
वैज्ञानिक प्रगति की मिसाल देते हुए उन्होंने चंद्रयान-3 की सफलता, गगनयान की तैयारी और मेक इन इंडिया के तहत रक्षा क्षेत्र में भारत की मजबूती को रेखांकित किया। उन्होंने कहा,अब भारत सैन्य सामग्री आयात नहीं, बल्कि निर्यात करने लगा है। मोदी जी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर एक मजबूत शक्ति बनकर उभरा है।
धरमलाल कौशिक ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की भी सराहना की, जिसके तहत अब तक 142 करोड़ से अधिक पौधे रोपे जा चुके हैं।
अंत में उन्होंने कहा,मोदी है तो मुमकिन है।उनके नेतृत्व में भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर है और 2047 तक आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार करने की दिशा में निरंतर कार्यरत है।
प्रेस वार्ता के सफल संचालन में संतोष पटेल, सविता ठाकुर, अशोक चंद्रवंशी, मुकेश ठाकुर सहित संकल्प से सिद्धि अभियान की जिला टोली का भूमिका रहा।