धमतरीनगरी

नगरी कॉलेज में 50 लाख के नए भवन का लोकार्पण, नगर पंचायत में विकास कार्यों की शुरुआत,मंत्री टंक राम वर्मा बोले— मजबूत शिक्षा व्यवस्था से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़…

Chhattisgarh धमतरी नगरी क्षेत्र में शिक्षा एवं आधारभूत विकास को नई गति देते हुए प्रदेश के राजस्व, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने आज शासकीय सुखराम नागे महाविद्यालय, नगरी में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्ष भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को विकास की नई सौगात दी। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया तथा महाविद्यालय की वार्षिक साहित्यिक एवं शैक्षणिक पुस्तिका ‘श्रेष्ठांश’ का विमोचन किया।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों तक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।7 उन्होंने कहा कि बेहतर अधोसंरचना, आधुनिक संसाधन और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। नया अतिरिक्त कक्ष भवन विद्यार्थियों 7को अध्ययन, सेमिनार, शैक्षणिक गतिविधियों तथा विभिन्न सह-पाठ्यक्रम कार्यक्रमों के संचालन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माण के सशक्त आधार हैं। इसलिए शिक्षा संस्थानों का सुदृढ़ीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और नवाचार की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता का कोई विकल्प नहीं होता और निरंतर प्रयास ही जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाता है।

उन्होंने परिसर में पौधारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा, जनपद पंचायत नगरी के अध्यक्ष, महेश गोटा,पूर्व विधायक श्रीमती पिंकी ध्रुव, श्री श्रवण मरकाम, श्री प्रकाश बैस सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में अधिकारी-कर्मचारी, प्राध्यापकगण, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button