छत्तीसगढ़

गौवंश की रक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कबीरधाम पुलिस की अभिनव पहल।

कवर्धा/जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं गौवंश की सुरक्षा को लेकर कबीरधाम पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस द्वारा गौसेवकों के सहयोग से सड़क पर बैठने वाले गौवंश को रेडियम बेल्ट पहनाने का अभियान चलाया गया।

जानकारी के अनुसार, बारिश के मौसम में रात्रि के समय सड़क के बीच एवं किनारे बैठे गौवंश के कारण दुर्घटनाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं। इससे जहां बेजुबान पशुओं की जान खतरे में पड़ती है, वहीं वाहन चालकों और आम नागरिकों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने थाना प्रभारी कोतवाली को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

निर्देशों के पालन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक योगेश कश्यप ने गौसेवकों के साथ मिलकर शहर क्षेत्र में अभियान चलाया और लगभग 200 गौवंश के गले में रेडियम बेल्ट बांधी।इन बेल्टों की विशेषता यह है कि रात्रि में वाहनों की रोशनी पड़ते ही वे चमकने लगती हैं, जिससे दूर से ही गौवंश दिखाई देने लगता है और दुर्घटना की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है।

कबीरधाम पुलिस की यह पहल सड़क सुरक्षा एवं गौसंरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में इस अभियान को संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों एवं गौसेवकों से भी अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें,सड़क पर बैठे गौवंश को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में मदद करें तथा उन्हें लावारिस न छोड़ें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

Related Articles

Back to top button