छत्तीसगढ़

CG- प्रोफेसर का किडनैप: वॉक पर निकले प्रोफेसर का अपहरण, आँखों में पट्टी बांधा, मारपीट की और खाते में डलवाये इतने लाख रुपये.. ऐसे मिला लोकेशन…..

रायगढ़। इवनिंग वाॅक पर निकले प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता के अपहरण की घटना सामने आई। आरोपियों ने प्रोफेसर को रास्ते में पकड़कर आंखों पर पट्टी बांधी और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए मोटरसाइकिल से अज्ञात स्थान पर ले गए। आरोपियों ने मारपीट कर उनके मोबाइल फोन, पासवर्ड और Google Pay व BHIM App से संबंधित जानकारी हासिल की और एक महिला से संपर्क कर उसका QR कोड मंगवाकर प्रोफेसर के खाते से करीब 1 लाख रुपये ट्रांसफर कराए।

आरोपियों ने पीड़ित को भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी स्थित एक कमरे में ले जाकर बंधक बनाकर रखा। मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुसौर पुलिस को प्रोफेसर की बरामदगी व आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल निर्देश दिए गए। पुसौर पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर प्रोफेसर की सकुशल दस्तयाबी की और एक आरोपी को हिरासत में लेकर आरोपियों के लूट के इरादे से ट्रांसफर कराए गए रकम को सुरक्षित कराया।

जानिए पूरा मामला

घटना के संबंध में पीड़ित कपुरचंद गुप्ता 47 साल ने बताया कि 5 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच वह गांव में डीपापारा व शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहा था। थकान लगने पर वह सड़क किनारे स्थित डबरी के पास माइलस्टोन पत्थर पर बैठकर आराम कर रहा था। इसी दौरान दो व्यक्ति उसके पास आए और उसे पकड़कर डबरी की ओर ले गए। आरोपियों ने उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी तथा पेट, गर्दन और छाती पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मोटरसाइकिल से उसे किसी अन्य स्थान (ग्राम पंडरीपानी थाना भूपदेवपुर) पर ले जाकर मारपीट करते हुए मोबाइल फोन का पासवर्ड, Google Pay एवं BHIM App का पासवर्ड हासिल कर लिया।

1 लाख रुपये ट्रांसफर

आरोपियों ने एक महिला से मोबाइल फोन पर संपर्क कर उसका QR कोड मंगवाया और पीड़ित के खाते से लगातार रकम ट्रांसफर कराई। पीड़ित के खाते की करीब 1 लाख रुपये की लिमिट समाप्त होने तक राशि ट्रांसफर की गई। इसी दौरान आरोपियों ने पीड़ित को धमकाकर उसके घर फोन करवाया और कुशल-मंगल होने की बात कहलवाई, ताकि परिजनों को घटना की जानकारी न हो सके। रकम ट्रांसफर कराने के बाद आरोपियों ने पीड़ित की आंखों पर दोबारा पट्टी बांधी और उसे ग्राम पंडरीपानी में ले जाकर एक कमरे में बंधक बनाकर रखे।

प्रोफ़ेसर का रेस्क्यू

इधर, पीड़ित के परिजनों को घटना पर संदेह होने पर उन्होंने अपने स्तर पर लोकेशन का पता लगाया और पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों के वहां पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और पीड़ित को सकुशल रेस्क्यू कर थाना लाया गया।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आरोपियों की पतासाजी शुरू की और आरोपियों की पतासाजी करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर ग्राम जकेला निवासी आरोपी सुनील सारथी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रोफेसर का अपहरण करना स्वीकार किया। मामले में पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना पुसौर में धारा 140(3), 309(6), 142 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच में लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों द्वारा जिस महिला के खाते में रकम ट्रांसफर कराई गई थी, उससे संपर्क कर ट्रांसफर की गई पूरी रकम को सुरक्षित कराया है। मामले में पुलिस ने अन्य नामजद आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

किडनैपिंग के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रधान आरक्षक बसंत पांडे, डोल नारायण साव, आरक्षक धनुर्जय चंद बेहरा, दिलीप सिदार, राहुल सिदार एवं हमारा स्टाफ की अहम भूमिका रही है।

Related Articles

Back to top button