CG में ‘फिल्मी’ स्टाइल में अपहरण: 2 लाख के लिए बनाया बंधक,पुलिस ने मास्टरमाइंड सहित 6 को किया गिरफ्तार…

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस की सक्रियता से एक सनसनीखेज वारदात होने से बच गई। आजाद चौक थाना क्षेत्र के रामकुंड इलाके में दो युवकों का अपहरण कर उन्हें बंधक बनाने और वसूली करने की साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया है। पुलिस ने न केवल बंधकों को सुरक्षित छुड़ाया, बल्कि घटना में शामिल 6 आरोपियों को हथियारों के साथ दबोच लिया।
झोपड़ी में दबिश देकर छुड़ाए गए बंधक
घटना 19 फरवरी 2026 की है, जब पुलिस को सूचना मिली कि रामकुंड स्थित घोराही तालाब के पास एक झोपड़ी में दो व्यक्तियों को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा जा रहा है। डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी की और दबिश दी। वहां से धमतरी निवासी जीवन यदु और राकेश शर्मा को सकुशल मुक्त कराया गया।
2 लाख का विवाद और जमीन हड़पने की कोशिश
पूछताछ में खुलासा हुआ कि लगभग 2 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर आरोपियों ने साजिश रची थी।
• अपहरण: आरोपियों ने दोनों युवकों को करबला तालाब के पास से अगवा किया था।
• लूट और वसूली: हथियारों के बल पर मारपीट की गई और जबरन जमीन के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए।
• जब्ती: आरोपियों के पास से दो पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, छह मोबाइल फोन, नकद रकम और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
हिस्ट्रीशीटर है मास्टरमाइंड
पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड हरिओम सोनकरसमेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
1 हरिओम सोनकर (मुख्य आरोपी – इसके खिलाफ लूट, अपहरण और आर्म्स एक्ट के 14 से ज्यादा मामले दर्ज हैं)
2 कामरान अब्बास
3 नवीन उर्फ नन्नू ढीमर
4 लक्की निषाद उर्फ छोटा चिकन
5 राकेश
6 अनिल धीवर (47 वर्ष)
ये सभी आरोपी आजाद चौक थाना क्षेत्र के ही निवासी हैं। पुलिस अब अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और पकड़े गए आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।



