बाॅंकीमोंगरा नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा की बैठको में पत्रकारों को मिले प्रवेश,नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास…

नयाभारत बाॅंकीमोंगरा नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा की बैठकों में पत्रकारों को प्रवेश एवं शामिल होने की अनुमति दिए जाने की मांग को लेकर नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने CMO को ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पालिका परिषद बाँकीमोंगरा के गठन के बाद से अब तक कई सामान्य सभा की बैठकें आयोजित हो चुकी हैं, लेकिन इन बैठकों में पत्रकारों को शामिल होने अथवा प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सामान्य सभा में नगर के विभिन्न वार्डों से निर्वाचित जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को सदन में रखते हैं। ऐसे में सदन की कार्यवाही में मीडिया की उपस्थिति से आम जनता तक नगर पालिका की कार्यप्रणाली और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों की जानकारी पहुंच सकती है।
मधुसूदन दास ने कहा कि अन्य कार्यक्रमों एवं बैठकों में पत्रकारों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाता है और मीडिया के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारियां जनता तक पहुंचाई जाती हैं। उसी प्रकार सामान्य सभा की बैठकों में भी पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाना चाहिए, ताकि सदन में होने वाली चर्चा, आगामी योजनाओं और नगर विकास से जुड़े निर्णयों की जानकारी क्षेत्र की जनता तक पहुंच सके।
उन्होंने सीएमओ से मांग की कि आगामी सामान्य सभा की बैठकों में पत्रकारों को प्रवेश की अनुमति प्रदान की जाए और मीडिया प्रतिनिधियों को बैठक में आमंत्रित किया जाए।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास, राकेश अग्रवाल, संदीप डहरिया एवं नवीन कुकरेजा उपस्थित रहे।



