छत्तीसगढ़

कबीरधाम के पर्यटन स्थलों के विकास के लिए सांसद संतोष पांडेय की पहल, पर्यटन मंत्री को लिखा पत्र।

कवर्धा/कबीरधाम क्षेत्र के सांसद संतोष पांडेय ने जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों के समुचित विकास के लिए छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल को पत्र लिखकर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है। सांसद ने जिले में स्थित प्राकृतिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थलों के विकास के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत करने की मांग की है।

सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि कबीरधाम जिले में अनेक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मौजूद हैं, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण इन स्थलों की पर्यटन क्षमता का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने विकासखंड बोड़ला अंतर्गत रानीदहरा जलप्रपात, पीड़ाघाट, कंवलधार जलप्रपात (ग्राम बांकी), छीरपानी जलाशय, सरोधा जलाशय तथा विकासखंड पंडरिया अंतर्गत भैंसाओदार जलप्रपात (ग्राम घोघरा), कांदावानी जलप्रपात, गोदगोदा जलप्रपात (ग्राम नेउर), पोलमी जलप्रपात और घोघरा सहित अन्य पर्यटन स्थलों के विकास की आवश्यकता बताई।

पत्र में सांसद ने इन स्थलों तक पहुंच मार्गों के निर्माण, सौंदर्यीकरण, सीढ़ी एवं रेलिंग निर्माण, पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

सांसद पांडेय ने यह भी कहा कि वर्तमान में केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत भोरमदेव कॉरिडोर का निर्माण कार्य जारी है। यदि जिले के अन्य पर्यटन स्थलों का भी विकास किया जाता है, तो पर्यटकों को एक साथ कई दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र के आर्थिक एवं पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button