Mahtari Vandan Yojana: महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी,क्या आपके खाते में आए 1000 रुपए? ऐसे करें तुरंत चेक…

डेस्क : छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत जून 2026 की 28वीं किस्त जारी कर दी गई है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लगभग 68 लाख 54 हजार महिलाओं के बैंक खातों में 642 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की. इस योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है.
68 लाख महिलाओं को ₹642 करोड़ की राशि ट्रांसफर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम में एक क्लिक के जरिए योजना की 28वीं किस्त जारी की. इस बार 68.54 लाख महिलाओं के खातों में 642 करोड़ 27 लाख रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की गई.
सरकार का फोकस हर महिला तक योजना का लाभ : CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि राज्य की हर पात्र महिला तक इस योजना का लाभ पहुंचे. उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के लिए महिलाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है.
महिलाओं के सशक्तिकरण का बड़ा आधार बनी योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के सम्मान और आत्मविश्वास को बढ़ाने का माध्यम बन चुकी है. इस योजना से महिलाएं बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और छोटे रोजगार में राशि का उपयोग कर रही हैं. सरकार का उद्देश्य है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए. अधिकारियों ने लाभार्थियों को सलाह दी है कि वे किसी भी अफवाह या गलत जानकारी से बचें. केवल आधिकारिक वेबसाइट या सरकारी माध्यमों से ही जानकारी लें.
क्या आपके खाते में आए पैसे? ऐसे करें ऑनलाइन चेक
यदि आपको यह जानना है कि 1000 रुपये की किस्त आपके खाते में पहुंची है या नहीं, तो आप घर बैठे ऑनलाइन स्टेटस चेक कर सकते हैं. इसके लिए नीचे दिए गए आसान स्टेप्स फॉलो करें. स्टेटस चेक करने का तरीका ये है.
सबसे पहले योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं:
https://mahtarivandan.cgstate.gov.in
होम पेज पर “Beneficiary Application Status” या “लाभार्थी स्थिति” विकल्प पर क्लिक करें.
यहां अपना लाभार्थी क्रमांक / मोबाइल नंबर / आधार नंबर दर्ज करें.
कैप्चा कोड भरें और सबमिट करें.
स्क्रीन पर आपके भुगतान की स्थिति दिखाई देगी.
खाते में पैसे नहीं आए तो क्या करें?
यदि आपको अभी तक किस्त की राशि नहीं मिली है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. आप ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों तरीकों से शिकायत दर्ज करा सकते हैं. शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया ऐसी है.
आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
“शिकायत करें” (Grievance) विकल्प पर क्लिक करें
अपनी जानकारी (आधार/मोबाइल/लाभार्थी ID) भरें
समस्या का विवरण लिखें
सबमिट करें
आपकी शिकायत दर्ज हो जाएगी और संबंधित विभाग द्वारा जांच की जाएगी.
हेल्पलाइन नंबर भी जारी
यदि ऑनलाइन शिकायत करने में परेशानी हो रही है, तो हेल्प डेस्क नंबर +91-7712234192 पर भी संपर्क किया जा सकता है.यहां से लाभार्थियों को उनकी समस्या का समाधान दिया जाएगा.
दूरस्थ इलाकों की महिलाओं को भी जोड़ा गया
सरकार ने नियद नेल्लानार अभियान के जरिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर और नारायणपुर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों की 7,770 नई महिलाओं को योजना से जोड़ा है. इससे इन इलाकों में रहने वाली महिलाओं को भी आर्थिक सहायता का लाभ मिल रहा है.
हर महीने 1000 रुपये से बदल रही जिंदगी
1 मार्च 2024 से शुरू हुई इस योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये दिए जा रहे हैं. यह छोटी राशि धीरे-धीरे परिवारों के लिए बड़ा सहारा बन रही है. विशेषज्ञ मानते हैं कि सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर होने से पारदर्शिता बढ़ी है और महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता भी मिल रही है.



