सांसद संतोष पांडेय बिहार में कर रहे धुआंधार चुनाव प्रचार। विश्व के सबसे बड़े विराट रामायण मंदिर का किया भ्रमण।

कवर्धा / मोतिहारी,राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडेय इन दिनों पार्टी हाईकमान के निर्देश पर बिहार विधानसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्हें बिहार राज्य के पूर्वी चंपारण लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है।
सांसद पांडेय अपने प्रभार क्षेत्र में भाजपा और एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में धुआंधार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। वे लगातार छोटी-बड़ी बैठकों, कार्यकर्ता सम्मेलनों और जनसभाओं के माध्यम से जनता से संवाद स्थापित कर रहे हैं तथा केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचा रहे हैं।
चुनावी दौरे के दौरान उन्होंने मोतिहारी जिले के नारायणपुर, केसरिया, चकिया, पीपरा और गोविंदगंज विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत विभिन्न मंडलों में बैठकों और जनसंपर्क अभियानों का संचालन किया।
इसी क्रम में सांसद संतोष पांडेय ने पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर विधानसभा अंतर्गत कैथवलिया गांव के समीप निर्माणाधीन “विराट रामायण मंदिर का भी भ्रमण किया। उन्होंने मंदिर निर्माण कार्यों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और इसे भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गौरव का प्रतीक बताया।
सांसद पांडेय ने कहा
विराट रामायण मंदिर भारत की सांस्कृतिक धरोहर को नई ऊँचाइयों पर ले जाएगा। यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम की जीवन-लीला का जीवंत प्रतिबिंब है। यह मंदिर आस्था, वास्तुकला और भक्ति का अनुपम संगम बनेगा।
जानकारी के अनुसार, विराट रामायण मंदिर विश्व का सबसे बड़ा मंदिर होगा। यह 3.76 लाख वर्गफुट क्षेत्र में निर्मित किया जा रहा है। मंदिर की लंबाई 1080 फुट, चौड़ाई 540 फुट और मुख्य शिखर की ऊँचाई 270 फुट होगी। परिसर में कुल 12 शिखर होंगे।
मंदिर में 33 फुट ऊँचा, 33 फुट चौड़ा और 210 मीट्रिक टन वजनी सहस्रलिंगम स्थापित किया जा रहा है, जो विश्व का सबसे विशाल शिवलिंग होगा।
यह मंदिर आकार और भव्यता में वर्तमान में कंबोडिया स्थित अंगकोर वाट मंदिर से भी बड़ा होगा और विश्व के धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर भारत की नई पहचान बनेगा।