छत्तीसगढ़

रेल लाइन स्वीकृति के बाद कवर्धा पहुंचे सांसद संतोष पांडेय, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत।

कवर्धा/डोंगरगढ़-कटघोरा रेल लाइन को स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय के प्रथम कवर्धा आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं,विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने उनका भव्य स्वागत किया।इंदौरी से लेकर कवर्धा शहर तक अनेक स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां समर्थकों ने फूल-मालाओं एवं जयघोष के साथ सांसद का अभिनंदन किया।

सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि डोंगरगढ़-कटघोरा रेल लाइन की स्वीकृति क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।उन्होंने कहा कि कई दशकों से खैरागढ़, कवर्धा, मुंगेली और कटघोरा क्षेत्र की जनता रेल संपर्क का सपना देख रही थी,जो अब साकार होने जा रहा है।इस परियोजना से शिक्षा, स्वास्थ्य,रोजगार,व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास के नए द्वार खुलेंगे।

कवर्धा आगमन पर सबसे पहले इंदौरी एवं बिरकोना में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद कवर्धा बायपास चौक, ठाकुरदेव चौक और वीर स्तंभ चौक सहित विभिन्न स्थानों पर स्वागत समारोह आयोजित हुए। वीर स्तंभ चौक में नागरिक अभिनंदन समारोह के दौरान भाजपा के विभिन्न मोर्चों, सामाजिक संगठनों,व्यापारी संघों, पत्रकार संगठनों एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने सांसद का सम्मान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि सांसद संतोष पांडेय के निरंतर प्रयासों और केंद्र व राज्य सरकार की सकारात्मक पहल के कारण इस महत्वपूर्ण रेल परियोजना को स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि यह केवल रेल लाइन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास और समृद्धि की नई पटरी है।

जिला भाजपा कार्यालय में भी पूर्व विधायक डॉ.सियाराम साहू,पूर्व विधायक मोतीराम चंद्रवंशी,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामकुमार भट्ट सहित वरिष्ठ नेताओं ने सांसद का स्वागत किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जनपद अध्यक्ष सुषमा बघेल,नंदनी साहू,नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, भाजपा पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि,सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button