CG – मल्हार में गांधी और शास्त्री जयंती पर NSS का विशेष आयोजन सर्वधर्म प्रार्थना और रामधुन से गूंजा विद्यालय पढ़े पूरी ख़बर
मल्हार//02 अक्टूबर 2026 को गांधी जी की जयंती और लालबहादुर शास्त्री जी जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), *बद्री प्रसाद देवांगन मध्यंगरीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मल्हार* में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में अवधेश सिंह (चौकी प्रभारी, पुलिस सहायता केंद्र मल्हार) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर माननीय निवास तिग्गा माननीय किशन कुमार राय जी और सभी शिक्षक व छात्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सर्व धर्म प्रार्थना और राम धुन के साथ की गई, जिसमें सभी ने एक साथ भाग लिया। गांधी जी के विचार और जीवन पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों ने छात्रों को कार्यक्रम में शामिल किया और पुरस्कार स्वरूप पेन वितरित किए।
मुख्य अतिथि अवधेश सिंह ने बच्चों को सड़क सुरक्षा और साइबर सुरक्षा पर विस्तार से जानकारी देते हुए सावधान रहने की सलाह दी।
वरिष्ठ शिक्षक रामलाल ने गांधी जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके उच्च आदर्शों पर चलने की बात कही और इसे ही अध्ययन की सच्ची सफलता बताया।
इसी क्रम में सावित्री वर्मा ने शास्त्री जी को याद करते हुए उनके द्वारा 1965 में दिए गए नारे”जय जवान,जय किसान”को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का सादा जीवन और जवानों व किसानों को दिया गया सम्मान ही किसी देश की सुरक्षा व सम्पन्नता की निशानी है।
यह कार्यक्रम डॉ. मनोज सिन्हा (कार्यक्रम समन्वयक), डॉ. कांति अंचल (पूर्व जिला संगठक) और शीतेश जैन (जिला संगठक) के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अतिथियों का आभार कार्यक्रम अधिकारी करुणेश कुमार नापित ने व्यक्त किया।




