अन्य ख़बरें

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर छत्तीसगढ़ में होंगे पखवाड़ेभर विविध आयोजन, प्रदेश भाजपा अजजा मोर्चा की कार्यशाला में धमतरी के पदाधिकारी भी हुए शामिल..

जनजातीय गौरव दिवस को भव्य रूप से मनाने की तैयारी, प्रदेशभर में आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम

धमतरी। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस को भव्य और गरिमामय रूप से मनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा छत्तीसगढ़ द्वारा प्रदेशव्यापी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी कड़ी में रविवार, 1 नवंबर को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रदेश स्तरीय वृहद बैठक एवं कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर पखवाड़ेभर चलने वाले विभिन्न आयोजनों की रूपरेखा तैयार की गई।

कार्यशाला का शुभारंभ प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह एवं प्रदेश सहप्रभारी सिद्धार्थ शंभु के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम के समन्वयक कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम एवं केदार कश्यप रहे। इस अवसर पर सांसद राधेश्याम राठिया, सांसद महेश कश्यप, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन एवं शिरीष अग्रवाल, अजजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह, सुश्री लता उसेंडी, औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम सहित वर्तमान एवं पूर्व सांसद-विधायक तथा प्रदेशभर से आए मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यसमिति सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। साथ ही जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में पखवाड़ेभर विविध कार्यक्रम आयोजित कर जनजातीय संस्कृति, परंपरा, गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के योगदान को व्यापक स्तर पर सामने लाने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

इस प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में धमतरी जिले से भी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारियों ने सहभागिता की। इनमें महेश गोटा, मोहन पुजारी, महेन्द्र नेताम, सुरेन्द्र राज ध्रुव, ईश्वरी ध्रुव, हिरामन ध्रुव, अजय ध्रुव एवं श्यामाचरण मंडावी शामिल रहे।

कार्यशाला के माध्यम से प्रदेशभर में जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने तथा भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और आदर्शों को समाज के बीच पहुंचाने का आह्वान किया गया।

Related Articles

Back to top button