CG – साहित्य 24, छत्तीसगढ़ इकाई की ऑनलाइन काव्य गोष्ठी संपन्न…

साहित्य 24, छत्तीसगढ़ इकाई की ऑनलाइन काव्य गोष्ठी संपन्न
नया भारत डेस्क। प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था “साहित्य 24” की छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा मार्च माह की ऑनलाइन काव्य गोष्ठी का सफल आयोजन 14 मार्च 2026, शनिवार को शाम 8:00 बजे गूगल मीट के माध्यम से किया गया। इस गोष्ठी में विभिन्न स्थानों से जुड़े कवि-कवयित्रियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और अपनी उत्कृष्ट रचनाओं से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. ममता तिवारी ‘मृदुला’ द्वारा मधुर स्वर में प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद कार्यक्रम का संचालन करते हुए मुख्य प्रभारी रूपा कुमारी ‘अनंत’ ने संस्था के उद्देश्यों एवं गतिविधियों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि साहित्य 24 के माध्यम से समय-समय पर ऑनलाइन एवं ऑफलाइन साहित्यिक गोष्ठियाँ आयोजित की जाती हैं। साथ ही निकट भविष्य में एक साझा काव्य संग्रह प्रकाशित करने की भी योजना है, जिसमें विभिन्न रचनाकारों की रचनाएँ शामिल की जाएँगी।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. उषा सिन्हा ने “साहित्य 24” के साहित्यिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच नए और अनुभवी रचनाकारों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का सशक्त अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने संस्था के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ भी व्यक्त कीं।
इस अवसर पर नरेन्द्र वैष्णव ‘सक्ती’ (सक्ती, छत्तीसगढ़) ने अपनी प्रभावशाली रचनाओं से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं डॉ. ममता तिवारी ‘मृदुला’ की सुरीली प्रस्तुति ने गोष्ठी में विशेष आकर्षण पैदा किया। अंशिता सिन्हा की भावपूर्ण रचना ने भी सभी श्रोताओं के मन को छू लिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी रचनाकारों ने एक से बढ़कर एक रचनाएँ प्रस्तुत कर साहित्यिक वातावरण को समृद्ध बनाया।
अंत में रूपा कुमारी ‘अनंत’ ने सभी अतिथियों, रचनाकारों एवं श्रोताओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
उल्लेखनीय है कि “साहित्य 24” एक प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था है जिसका मुख्यालय दिल्ली में स्थित है तथा इसके विभिन्न राज्यों में शाखाएँ संचालित हैं। इस मंच के माध्यम से देशभर के कवि, लेखक और साहित्यकार एक साथ जुड़कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा साझा करते हैं। संस्था द्वारा समय-समय पर साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन, पुस्तक प्रकाशन तथा यूट्यूब मंच पर प्रस्तुति के अवसर भी प्रदान किए जाते हैं।
इस संस्था के संस्थापक श्री हरि प्रकाश पांडेय हैं तथा मुख्य संरक्षक डॉ. सी. एम. भगत (संस्थापक, भगत हॉस्पिटल, दिल्ली) हैं।
लेखिका डॉ. शिखा गोस्वामी (छत्तीसगढ़) ने संस्था की प्रशंसा में भविष्य के आगामी कार्यक्रमों के लिए बधाई देते हुए सभी कवियों का उत्साहवर्धन किया।



