CG – स्ट्रांग रूम के बाहर कांग्रेसियों ने किया हंगामा, EVM को लेकर लगाए ये गंभीर आरोप, रोने लगी महिला रिटर्निंग अधिकारी, फिर जो हुआ…..
![](https://nayabharat.live/wp-content/uploads/2025/02/hangama.jpg)
धमतरी। जिले में नगरी निकाय चुनाव 11 फरवरी को संपन्न हो गए। इसके बाद मतदान दल की वापसी के बाद अधिकारियों के पास दस्तावेजों की जांच की गई, फिर ईवीएम मशीनों को सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखा गया था। अब 15 फरवरी को मतगणना के बाद स्ट्रांग रूम खोला जाएगा। इस बीच सीसीटीवी कैमरे में टाइमिंग को लेकर कांग्रेसियों द्वारा हंगामा करने की ख़बर है, जानकारी के मुताबिक पीजी कॉलेज में कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी सहित अन्य नेता पहुंचे और विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि सीसी कैमरा का समय गलत आ रहा है, इस दौरान मौजूद रिटर्निंग अधिकारी के साथ कहा सुनी हो गई जिसमें महिला अधिकारी रो पड़ी।
आपको बता दे 11 फरवरी को नगर निगम के चुनाव के बाद EVM को पीजी कॉलेज परिसर में बने स्ट्रांग रूम में रखा गया है। बुधवार की सुबह कांग्रेस के विजय गोलछा,आनंद पवार, आकाश गोलछा,राजेश पांडे, अजय वर्मा, दीपक सोनकर, कमलेश सोनकर, जितेंद्र साहू, पूर्णिमा रजक, आशुतोष खरे के अलावा गगन कुंभकार,मोहनी साहू आदि स्ट्रांग रूम पहुंचे। नीचे लगे सीसी कैमरा के मॉनिटर में देखा तो भौंचक्के रह गए। एक कैमरे का समय सही दिख रहा था बाकी सब का दो-तीन घंटा अंतर आ रहा था। फिर क्या था विरोध के साथ हंगामा शुरू हो गया।
वहां मौजूद महिला रिटर्निंग अधिकारी इंदिरा सिंह के साथ कहा सुनी हो गई जिसके बाद महिला अधिकारी रो पड़ी। सूचना मिलते ही कलेक्टर नम्रता गांधी और पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय भी मौके पर पहुंचे। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि समय को आखिर क्यों गलत रखा गया है। इसमें बहुत कुछ धांधली हो सकती है। कलेक्टर ने तुरंत लिखित शिकायत लेकर उनकी समस्या का समाधान किया।
कलेक्टर नम्रता गांधी ने बताया कि सीसी कैमरा की गलत समय को लेकर प्रत्याशियों ने लिखित शिकायत दी है। यह टेक्निकल फॉल्ट है। उनकी संतुष्टि के लिए स्ट्रांग रूम ले जाया गया। उसके बाद टेक्निकल टीम द्वारा समय को सुधार कर लिया जाएगा। उनके द्वारा बैकअप की मांग की गई है जो उपलब्ध करा दिया जाएगा। इस दौरान एसडीएम पवन प्रेमी, उपायुक्त पीसी सार्वा,कोतवाली निरीक्षक राजेश मरई आदि मौजूद थे।