अन्य ख़बरें

SBI कियोस्क में 1 करोड़ से ज्यादा की वित्तीय धोखाधड़ी, संचालक गिरफ्तार; 29 FD बॉन्ड और लैपटॉप जब्त..

Chhattisgarh धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के कियोस्क के जरिए खाताधारकों से कथित तौर पर 1 करोड़ 75 हजार 717 रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी और गबन का मामला सामने आया है। मामले में भखारा पुलिस ने कियोस्क संचालक केशव राम साहू (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के फिक्स डिपॉजिट (FD) बॉन्ड पेपर भी जब्त किए हैं।

10 साल से अधिक समय तक चलता रहा कथित फर्जीवाड़ा..

पुलिस के अनुसार, भारतीय स्टेट बैंक के अनुबंध पर कियोस्क संचालन कराने वाली संस्था NICT Technologies Pvt. Ltd. ने ग्राम कोरा के लिए केशव राम साहू को कियोस्क संचालक नियुक्त किया था।

आरोप है कि आरोपी ने 27 अगस्त 2015 से 29 नवंबर 2025 के बीच SBI खाताधारकों के साथ वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी, गबन और कूटरचना की। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान कुल 1,00,75,717 रुपये की राशि से संबंधित आपराधिक न्यासभंग का मामला सामने आया है।

शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला…

NICT Technologies Pvt. Ltd. के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर जुगलकिशोर (31 वर्ष), निवासी चरमुडिया, थाना कुरूद, की रिपोर्ट पर थाना भखारा में अपराध क्रमांक 102/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में धारा 318(4), 338 और 336(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

आरोपी के मेमोरेंडम पर लैपटॉप और 29 FD बॉन्ड जब्त…

जांच के दौरान भखारा पुलिस ने आरोपी केशव राम साहू की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर ग्राम कोरा स्थित कियोस्क सेंटर से Lenovo कंपनी का एक लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के FD बॉन्ड पेपर गवाहों की मौजूदगी में जब्त किए गए।

पुलिस के अनुसार, मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को 21 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय कुरूद के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी…केशव राम साहू (40 वर्ष)पिता— हेमलाल साहू,मूल निवासी— देवकोट, चौकी कंवर, थाना गुरूर, जिला बालोद,वर्तमान पता— बोरिया खुर्द, अर्जुन विहार, थाना मुजगहन, जिला रायपुर।

बैंक खाताधारकों के लिए पुलिस की अपील….

धमतरी पुलिस ने बैंक और कियोस्क से लेन-देन करने वाले लोगों से अपील की है कि वे अपनी पासबुक, बैंक रसीद और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की नियमित जांच करते रहें। किसी भी तरह की संदिग्ध वित्तीय गतिविधि या अनधिकृत लेन-देन सामने आने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें।

Related Articles

Back to top button