
छत्तीसगढ़ धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम उमरगांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में युवक की जान चली गई। खेत में बिजली लाइन जोड़ने के दौरान युवक करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार उमरगांव निवासी जोहत राम मरकाम उम्र 41 वर्ष गांव की सब्जी बाड़ी के पास लगे बिजली पोल पर चढ़कर तार जोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली प्रवाहित हो गई और युवक को जोरदार करंट लग गया। करंट लगते ही वह खंभे से नीचे गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घायल युवक को नगरी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
मृतक की पत्नी लछनी बाई ने बताया कि गांव के गजेंद्र साहू उसे खेत में बिजली लाइन तैयार करने के लिए अपने साथ लेकर गए थे। परिजनों का कहना है कि बिना विद्युत विभाग को सूचना दिए पोल पर चढ़ने के कारण यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही सिहावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे में लापरवाही किस स्तर पर हुई।
ग्रामीण क्षेत्रों में बिना सुरक्षा व्यवस्था और विभागीय अनुमति के बिजली पोल पर काम करना कितना खतरनाक साबित हो सकता है, उमरगांव की यह घटना इसका बड़ा उदाहरण है।

