CG – प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत : शादी में देरी से आहत प्रेमी जोड़े ने की खुदकुशी, फांसी पर झूलती मिली दोनों की लाश, इलाके में फैली सनसनी……

पेंड्रा। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र के पनकोटा गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। शादी में हो रही देरी से आहत एक प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लड़के की उम्र 18 वर्ष बताई जा रही है। कम उम्र होने के कारण परिजन शादी के लिए कुछ समय और इंतजार करने की बात कह रहे थे। इसी बात से क्षुब्ध होकर पहले युवती ने घर में फांसी लगा ली। बताया जा रहा है कि युवती को फांसी पर लटका देख युवक ने भी आत्मघाती कदम उठा लिया। उसने घर के पास स्थित नीलगिरी प्लॉट के एक पेड़ पर फांसी लगा ली।
जानकारी के मुताबिक, दोनों पिछले तीन महीनों से गांव में एक ही घर में साथ रह रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में शादी में देरी को आत्महत्या का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।



