CG:कोरबा जिले से बडी खबर: हड़ताल के दौरान पंचायत सचिव की गयी जान, अचानक बिगड़ी तबीयत, फिर हो गये बेहोश
बडी खबर

संजू जैन:7000885784
कोरबा15 अप्रैल 2025:छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दुखद खबर सामने आई है, जहां हड़ताल पर बैठे एक सचिव की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान राजकुमार कश्यप के रूप में हुई है, जो कुटेलामुंडा में सचिव पद पर पदस्थ थे और उड़ता गांव के निवासी थे। उन्हें विनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद सचिव समुदाय में गहरा आक्रोश है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
राजकुमार कश्यप मूल रूप से उड़ता गांव के निवासी थे और लंबे समय से पंचायत सचिव पद पर कार्य कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वे बीते कई दिनों से सचिव संघ के बैनर तले अपनी मांगों को लेकर चल रही हड़ताल में सक्रिय रूप से भाग ले रहे थे। अत्यधिक गर्मी और थकावट के चलते उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में सचिव संघ के कई सदस्य एकत्र हो गए। सभी ने इस अप्रत्याशित मौत को सरकार की उपेक्षा और लंबे समय से चली आ रही अनदेखी का परिणाम बताया। सचिव संघ के नेताओं ने कहा कि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है, जिससे मानसिक और शारीरिक तनाव बढ़ रहा है। उन्होंने राजकुमार कश्यप की मौत को “प्रशासनिक लापरवाही से हुई मौत” बताया है।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
राजकुमार की मौत की खबर जैसे ही उनके परिवार को मिली, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन गहरे सदमे में हैं और अस्पताल परिसर में उनका रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भारी भीड़ अस्पताल पहुंच गई, जहां हर किसी की आंखें नम थीं।
सचिवों में उबाल
इस घटना के बाद प्रदेशभर के सचिवों में आक्रोश है। सचिव संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। संघ ने मृतक सचिव के परिजनों को मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग की है।