पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने विधानसभा में सड़क, आवास और स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दे उठाए।

छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र के चौथे दिन पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न सदन में रखे। उन्होंने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के नवीनीकरण, पात्र हितग्राहियों को आवास, शासकीय अस्पतालों में चिकित्सकों की उपलब्धता तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रोत्साहन राशि भुगतान जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया।
सड़क नवीनीकरण पर सवाल
भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कबीरधाम जिले में दिसंबर 2023 से जनवरी 2026 तक स्वीकृत नई एवं पुरानी सड़कों की स्थिति पर प्रश्न किया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि 28 नई सड़कों को स्वीकृति मिली है, जिनमें से 9 पूर्ण, 17 अपूर्ण और 1 अप्रारम्भ है, जबकि पुरानी सड़कों के नवीनीकरण की स्वीकृति निरंक है। विधायक ने कहा कि विगत 10 वर्षों से एक भी सड़क के नवीनीकरण को मंजूरी नहीं मिली, जबकि 45 सड़कें अत्यंत जर्जर हैं। उन्होंने कुल 51 सड़कों के शीघ्र नवीनीकरण की मांग सदन से की।
बांगर मुख्य मार्ग से कोटनापानी सोलापारा तक सड़क की ₹138.61 लाख की स्वीकृति निरस्त होने का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने इसे प्रशासनिक चूक बताया। उप मुख्यमंत्री ने इस मामले में स्वयं संज्ञान लेने की बात कही।
आवास योजनाओं की स्थिति
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में 93.59 प्रतिशत आवास पूर्ण होने की जानकारी दी गई। क्षेत्र में 2,235 आवास निर्माणाधीन तथा 32,614 पूर्ण बताए गए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आवास निर्माण हितग्राहियों द्वारा किए जाने के कारण निश्चित समय-सीमा तय करना संभव नहीं है।
स्वास्थ्य सेवाओं और आयुष्मान भारत
आयुष्मान भारत योजना में प्रोत्साहन राशि भुगतान में अनियमितता पर पूछे गए सवाल के जवाब में लोक स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि वर्तमान में विलंब की स्थिति नहीं है, हालांकि पूर्व में मिली शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 1142 प्रकरणों को पुनः नियमानुसार वितरण हेतु भेजा गया है और एक प्रकरण की जांच जारी है।
चिकित्सकों की कमी
जिला कबीरधाम में 30 चिकित्सकीय पद रिक्त होने की जानकारी देते हुए बताया गया कि भर्ती प्रक्रिया सतत चल रही है। जनवरी 2024 से जनवरी 2026 तक कुल 1,151 मरीजों को उच्च चिकित्सा सुविधा हेतु रायपुर व अन्य जिलों में रेफर किया गया।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सड़क, आवास और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं जनता की प्राथमिक जरूरत हैं और इनके समाधान के लिए वे निरंतर सदन में आवाज उठाती



