छत्तीसगढ़

विधानसभा में गूंजी पंडरिया की आवाज–विधायक भावना बोहरा ने किसान,आदिवासी छात्रावास,मत्स्य पालन और ऐतिहासिक धरोहरों का मुद्दा उठाया।

रायपुर / पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने विधानसभा सत्र के अंतिम दिन कबीरधाम जिले सहित पूरे प्रदेश से जुड़े जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाया। उन्होंने कृषि विकास,किसान कल्याण, आदिवासी आश्रम-छात्रावासों में रिक्त पद,मत्स्य पालन को बढ़ावा तथा राज्य के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों के संरक्षण से संबंधित सवाल पूछकर सरकार से जवाब मांगा।

कृषि और किसानों पर सवाल

विधायक भावना बोहरा ने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में कुल कृषि रकबे, उर्वरक और प्रमाणित बीज के भंडारण एवं वितरण की वास्तविक स्थिति की जानकारी मांगी।
लिखित उत्तर में मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि कवर्धा,पंडरिया और सहसपुर लोहारा विकासखंड मिलाकर कुल 1,46,124 हेक्टेयर कृषि रकबा है।
वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक खरीफ और रबी सीजन में लक्ष्य से अधिक खाद का भंडारण किया गया तथा हजारों क्विंटल उर्वरक किसानों को वितरित किया गया।

आदिवासी आश्रम-छात्रावास में 44 पद खाली

विधायक ने कबीरधाम जिले में संचालित आदिवासी आश्रम, शालाओं और छात्रावासों में रिक्त पदों तथा छात्रवृत्ति भुगतान में देरी का मुद्दा उठाया।
मंत्री ने जवाब में बताया कि जिले में अधीक्षक के 44 पद रिक्त हैं और भर्ती प्रक्रिया जारी है।छात्रवृत्ति भुगतान में देरी नहीं, बल्कि केवल दो विद्यार्थियों के आधार सीडिंग व खाता बंद होने के कारण भुगतान अटका था। नई व्यवस्था के तहत अब समय सीमा तय कर भुगतान किया जा रहा है।

मत्स्य पालन को बढ़ावा, 49.72 लाख की सहायता

विधायक भावना बोहरा ने नेशनल फिशरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म (NFDP) से जुड़े आंकड़े मांगे।
सरकार ने बताया कि कबीरधाम जिले में 1448 मत्स्य पालक पंजीकृत हैं और 1250 लाभार्थियों को 49.72 लाख रुपये की सहायता दी गई है।
जिले में 5 पंजीकृत मछली पालन केन्द्र सक्रिय हैं तथा 2024-25 और 2025-26 में मिलाकर एक करोड़ से अधिक की राशि योजनाओं में खर्च की गई।

ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर भी सवाल

राज्य के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों के संरक्षण को लेकर पूछे गए प्रश्न पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि
राज्य में कुल 109 संरक्षित ऐतिहासिक स्थल हैं
46 केंद्र और 63 राज्य संरक्षित हैं
सभी स्मारक संरचनात्मक रूप से सुरक्षित हैं
वर्ष 2024-25 और 2025-26 में करोड़ों रुपये संरक्षण, मरम्मत और पर्यटक सुविधाओं पर खर्च किए गए।

जनहित के मुद्दों पर लगातार सक्रिय -भावना बोहरा

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों,आदिवासी समाज,मत्स्य पालकों और प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहरों से जुड़े विषयों पर सरकार से जवाब लेकर समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button