CG – शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कुम्हारपारा में 31 जुलाई को आयोजित होगी पालक बैठक…

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कुम्हारपारा में 31 जुलाई को आयोजित होगी पालक बैठक
जगदलपुर। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कुम्हारपारा, संकुल–केवरामुंडा, विकासखंड–जगदलपुर, जिला–बस्तर द्वारा 31 जुलाई 2026 (शुक्रवार) प्रातः 11:00 बजे विद्यालय परिसर में कक्षा 6वीं से 8वीं के विद्यार्थियों के पालकों की पालक बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक का उद्देश्य विद्यालय एवं अभिभावकों के मध्य समन्वय स्थापित कर बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, अनुशासन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, विद्यालयीन गतिविधियों तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास पर सार्थक चर्चा करना है। बैठक में पालकों से सुझाव भी प्राप्त किए जाएंगे तथा विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए संयुक्त कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
विद्यालय परिवार का मानना है कि “आपकी सहभागिता, बच्चों का सुनहरा भविष्य” केवल एक संदेश नहीं, बल्कि बच्चों की सफलता का आधार है। अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नियमितता एवं बेहतर शैक्षणिक उपलब्धियों का विकास होता है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नीलम मिश्रा ने सभी पालकों से समय पर उपस्थित होकर अपने बच्चों के भविष्य को सशक्त बनाने में सहभागी बनने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास से ही बच्चों के सपनों को नई उड़ान मिल सकती है।
विद्यालय परिवार ने सभी पालकों से निर्धारित तिथि एवं समय पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।



