अन्य ख़बरें

धमतरी में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 140 नशीली टैबलेट के साथ युवक गिरफ्तार..!

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मराठापारा क्षेत्र से आरोपी के कब्जे से 140 नग नाइट्राजेपाम टैबलेट (Nitrosun-10) बरामद की हैं। पुलिस ने नशीली टैबलेट के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही जुपिटर स्कूटी सहित कुल 42 हजार 800 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

ऑपरेशन निश्चय के तहत कार्रवाई…

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों और प्रतिबंधित नशीली दवाओं के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ‘ऑपरेशन निश्चय’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मराठापारा क्षेत्र में एक युवक प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के अवैध परिवहन और बिक्री में संलिप्त है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदेही युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से हरे रंग की पॉलीथीन में रखी 14 स्ट्रिप में कुल 140 नाइट्राजेपाम टैबलेट बरामद की गईं। औषधि निरीक्षक सुमीत देवांगन ने मौके पर टैबलेट का भौतिक सत्यापन किया।

42,800 रुपये का मशरूका जब्त…

पुलिस ने गिरफ्तार युवक की पहचान विशेष शर्मा, पिता संतोष शर्मा, उम्र 22 वर्ष, निवासी मराठापारा, धमतरी के रूप में की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2,800 रुपये कीमत की नशीली टैबलेट और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही जुपिटर स्कूटी क्रमांक CG-05-AM-0310, जिसकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये है, जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत 42 हजार 800 रुपये बताई गई है।

सप्लाई नेटवर्क की तलाश में पुलिस…

पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के दौरान नशीली टैबलेट की आपूर्ति के स्रोत और मामले से जुड़े अन्य संभावित लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 276/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ए) में प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस ने आमजन से की अपील…

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से प्रतिबंधित नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button