छत्तीसगढ़

CG – स्पा सेंटर में पुलिस की दबिश, आपत्तिजनक सामग्री बरामद, देह व्यापार के आरोप में संचालक और मैनेजर गिरफ्तार…..

रायपुर। राजधानी रायपुर में स्पा सेंटर की आड़ में कथित देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। देवेन्द्र नगर थाना पुलिस ने इशवा लग्जरी स्पा सेंटर में छापेमारी कर संचालक और मैनेजर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान सेंटर से कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद हुई हैं।

पुलिस के अनुसार, इलाके में नियमित चेकिंग के दौरान इशवा लग्जरी स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सेंटर में दबिश दी। जांच के दौरान आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने के बाद पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की।

पुलिस की जांच में कथित तौर पर सामने आया कि स्पा सेंटर के संचालक हरविंदर सिंह ग्रोवर, निवासी टिकरापारा, और मैनेजर मुकेश कुमार वर्मा, निवासी भिलाई-3, द्वारा दूसरे राज्यों से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा था।

छापेमारी के बाद पुलिस ने स्पा सेंटर में काम करने वाली युवतियों से भी पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान युवतियों ने संचालक और मैनेजर पर जबरन देह व्यापार कराने के आरोप लगाए हैं।

इन आरोपों के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि स्पा सेंटर की गतिविधियों से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे तथा दूसरे राज्यों से युवतियों को किस तरीके से यहां लाया जाता था।

देवेन्द्र नगर थाना पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 152/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम, 1956 की धारा 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया है।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button