बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। पॉक्सो एक्ट के आरोप में गिरफ्तार युवक स्वरित सिंह पुलिस अभिरक्षा से हथकड़ी खोल कर फरार हो गया। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस समय आरोपी भागा, उस वक्त थाने में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक गहरी नींद में सोते रह गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
कोनी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग ने सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका गार्डन सिटी निवासी स्वरित सिंह (20) के खिलाफ शिकायत की थी। रिपोर्ट के अनुसार नाबालिग पीड़िता को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस गंभीर आरोप के बाद पुलिस ने उस पर अपहरण,दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। गुरुवार की दोपहर हुई एफआईआर के बाद चंद घंटों में ही शाम को दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को थाने लाकर रातभर हिरासत में रखा। उसकी निगरानी की जिम्मेदारी आरक्षक रविशंकर जगत और आरक्षक प्रदीप पाव को दी गई थी। मिली जानकारी के अनुसार देर रात ड्यूटी पर तैनात दोनों पुलिसकर्मियों को नींद आ गई। इसी बीच तड़के करीब चार बजे आरोपी ने मौका देखा और हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया।





