छत्तीसगढ़

CG BJP का सियासी शक्ति प्रदर्शन : आज से भाजपा महिला मोर्चा की पहली प्रदेश कार्यसमिति का आगाज, इस तारीख को होगा भाजयुमो का महाकुंभ….

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की पहली प्रदेश कार्यसमिति का धमाकेदार आगाज आज सोमवार से राजधानी रायपुर के जैनम भवन में होने जा रहा है। इस हाई-प्रोफाइल राजनीतिक जमावड़े में प्रदेशभर से 500 से अधिक प्रमुख महिला पदाधिकारी और नेत्री शामिल होकर आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर मंथन करेंगी। पार्टी के भीतर चुनावी और संगठनात्मक तैयारियों को धार देने के लिए आयोजित इस महामंथन के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के तौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महासमुंद की सांसद रूपकुमारी चौधरी शिरकत करेंगी। दो दिवसीय इस अहम बैठक का समापन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में होगा।

दिग्गजों का लगेगा जमावड़ा, सरकार और संगठन के नेता देंगे मंत्र

सोमवार को विधिवत शुरुआत के बाद पहले दिन राजनीतिक सत्र और अध्यक्षीय उद्बोधन का दौर चलेगा। प्रदेश अध्यक्ष, महिला मोर्चा का कार्यवृत्त प्रस्तुत करेंगी। इसके बाद प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ‘वर्तमान राजनीतिक परिवेश में महिला मोर्चा की भूमिका’ विषय पर पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे।

सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू केंद्र और राज्य सरकार की महती जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का मंत्र देंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी संगठनात्मक विषयों पर प्रदेश पदाधिकारियों और जिला प्रमुखों के साथ मैराथन और विस्तृत चर्चा करेंगी। सोशल मीडिया और आधुनिक संवाद शैली पर नेत्रियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मंगलवार को पांच सत्र और दिग्गजों का मार्गदर्शन

बैठक के दूसरे दिन यानी मंगलवार को कुल पांच महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, वरिष्ठ नेत्री डॉ. सरोज पांडेय, और मोर्चा प्रभारी सुभाष तिवारी समेत कई दिग्गज नेता कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। समापन समारोह में सीएम विष्णुदेव साय की मौजूदगी रहेगी और संगठन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

महिला मोर्चा के बाद भाजयुमो के शंखनाद की तैयारी

महिला मोर्चा के आयोजन के ठीक बाद पार्टी युवा मोर्चे को मैदान में उतारने की तैयारी में जुट गई है। आगामी 22 और 23 नवंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति का आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में होगा। इसमें शामिल होने के लिए भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी विशेष रूप से रायपुर पहुंचेंगे। इस युवा महाकुंभ में बूथ, मंडल, शक्ति केंद्र से लेकर जिला स्तर तक के दो हजार से ज्यादा युवा पदाधिकारी और कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे, जिससे साफ है कि भाजपा आने वाले दिनों में सियासी जमीन पर पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है।

Related Articles

Back to top button