अन्य ख़बरें

नगरी में पंचायत सचिवों के प्रभार में फेरबदल, मदन सेन और संतोष कुमार ने संभाला नया दायित्व..!

जिला पंचायत सीईओ के आदेश पर तीन सचिवों का हुआ स्थानांतरण, छबीलाल मरकाम का कार्यभार ग्रहण करना शेष

Dhamtari, नगरी… जिला पंचायत धमतरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के आदेश के तहत विकासखंड नगरी की तीन ग्राम पंचायतों के सचिवों के स्थानांतरण एवं प्रभार में बदलाव किया गया है। आदेश के परिपालन में दो सचिवों ने अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर लिया है, जबकि एक सचिव का कार्यभार ग्रहण करना शेष है।

जारी आदेश क्रमांक 2124/सचिव पदस्था./2026, दिनांक 9 अक्टूबर 2026 के अनुसार ग्राम पंचायत साँकरा के सचिव मदन सेन को ग्राम पंचायत सिहावा, सिहावा के सचिव संतोष कुमार को ग्राम पंचायत हिर्रीडीही तथा हिर्रीडीही के सचिव छबीलाल मरकाम को ग्राम पंचायत साँकरा में पदस्थ किया गया है।

आदेश के बाद मदन सेन ने ग्राम पंचायत सिहावा और संतोष कुमार ने ग्राम पंचायत हिर्रीडीही में विधिवत कार्यभार संभाल लिया है। वहीं, छबीलाल मरकाम द्वारा ग्राम पंचायत साँकरा में कार्यभार ग्रहण किया जाना अभी शेष है।

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में संभाला कार्यभार

ग्राम पंचायत सिहावा में नवपदस्थ सचिव मदन सेन के कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर सरपंच श्रीमती उषादेवी नाग, उपसरपंच सुनील सिंगसार सहित पंचायत के पंचगण, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान पंचायत के कार्यों और ग्रामीणों से जुड़ी जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा हुई।

नवपदस्थ सचिव मदन सेन ने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय-सीमा में किया जाएगा। उन्होंने पंचायत स्तर पर शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।

इस अवसर पर पंच किसन नाग, बीरेन्द्र कुमार मनहरे, विजय कुमार अग्रवानी, ओमप्रकाश पटेल, लोकेश्वर कुमार पटेल, चूड़ामणी ध्रुव, त्रिलोक ध्रुव, फैजल खान, राजकुमार सहित अन्य पंचगण एवं ग्रामीण मौजूद रहे। पंचायत की महिला पंचों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता निभाई।

जिला पंचायत सीईओ के आदेश के तहत किए गए इस बदलाव के बाद संबंधित ग्राम पंचायतों में नए सचिवों ने अपने दायित्व संभालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब ग्राम पंचायत साँकरा में छबीलाल मरकाम के कार्यभार ग्रहण करने का इंतजार है।

Related Articles

Back to top button