छत्तीसगढ़

आस्था के पथ पर जनकल्याण का संकल्प:माँ नर्मदा से भोरमदेव तक 151 किमी कांवड़ पदयात्रा पर निकलीं विधायक भावना बोहरा, 600 से अधिक कांवड़ियों के साथ शुरू हुई यात्रा, वनांचल के 15 बैगा समाज के लोग भी बने सहभागी।

अमरकंटक/पंडरिया।सावन माह के द्वितीय सोमवार को पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित माँ नर्मदा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। इसके बाद उन्होंने माँ नर्मदा मंदिर अमरकंटक से ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर तक 151 किलोमीटर लंबी कांवड़ पदयात्रा का शुभारंभ किया।

इस पावन यात्रा में 600 से अधिक कांवड़ यात्री विधायक भावना बोहरा के साथ सहभागी बने। खास बात यह रही कि वनांचल क्षेत्र के अपने मूल धर्म में वापसी करने वाले 15 बैगा आदिवासी समाज के लोग भी इस कांवड़ यात्रा में शामिल हुए।

‘हर-हर महादेव…बोल बम और माँ नर्मदा के जयघोष से अमरकंटक का वातावरण भक्तिमय हो उठा। घने जंगलों,दुर्गम पगडंडियों और प्राकृतिक सुंदरता के बीच कांवड़ यात्री पूरे उत्साह और भक्ति के साथ भोरमदेव की ओर रवाना हुए।

विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह यात्रा 10 अगस्त से 16 अगस्त तक आयोजित की जा रही है। यात्रा का समापन जलेश्वर महादेव डोंगरिया एवं भोरमदेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के साथ होगा।

यात्रा के प्रथम दिन माँ नर्मदा मंदिर अमरकंटक से शुरू होकर कांवड़ यात्रा गणेश मंदिर पहाड़, आमाडोल और खपरा खोल होते हुए लमनी तक पहुंचेगी।

यात्रा के शुभारंभ से एक दिन पूर्व विधायक भावना बोहरा ने अमरकंटक के मेला मैदान में कबीरधाम जिले से पहुंचे कांवड़ यात्रियों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने श्रद्धालुओं को स्वयं भोजन परोसा और भजन संध्या में शामिल होकर उनके साथ भक्तिमय समय बिताया।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा उनके लिए केवल कांवड़ यात्रा नहीं, बल्कि माँ नर्मदा और भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और सेवा-भाव का पवित्र संकल्प है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करे,इसी मंगलकामना के साथ यह यात्रा शुरू की गई है। उन्होंने कांवड़ यात्रा को आस्था, तपस्या, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक बताते हुए कहा कि ऐसी यात्राएं नई पीढ़ी को अपनी सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और समृद्ध विरासत से जोड़ने का माध्यम भी हैं।

उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की सेवा और क्षेत्र का विकास उनका परम कर्तव्य है तथा जनता के विश्वास और आशीर्वाद को संबल बनाकर वे जनसेवा के संकल्पों को पूरी निष्ठा से आगे बढ़ाती रहेंगी।

उन्होंने कामना की कि माँ नर्मदा और भगवान भोलेनाथ की कृपा से यह यात्रा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली लेकर आए।

यात्रा के शुभारंभ अवसर पर पत्थलगांव विधायक गोमती साय, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू,कबीरधाम जिला भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता, समाज प्रमुख,महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता,कांवड़ यात्री और बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button