छत्तीसगढ़

सांसद के निरीक्षण के बाद शुरू हुआ सड़क निर्माण, पोंडी में नाली कार्य ने भी पकड़ी रफ्तार।

कवर्धा/क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय के निरीक्षण और निर्देशों के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130 अंतर्गत पोंडी क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क का कार्य प्रारंभ हो गया है। वहीं नाली निर्माण कार्य में भी तेजी देखने को मिल रही है।

गत दिवस सांसद संतोष पांडेय ने पोंडी में निर्माणाधीन बायपास सड़क तथा उसलापुर चौक से पोंडी होते हुए लेंजाखार चौक तक बन रही नाली का आकस्मिक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया था।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को तत्काल कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश के कुछ ही दिनों बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया, जबकि नाली निर्माण कार्य में भी गति आ गई है।

उल्लेखनीय है कि सांसद संतोष पांडेय के प्रयासों से राष्ट्रीय राजमार्ग 130 के अंतर्गत उसलापुर चौक से पोंडी होते हुए लेंजाखार चौक तक सड़क एवं नाली निर्माण कार्य को स्वीकृति मिली है। वर्तमान में इस परियोजना पर निर्माण कार्य जारी है।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा था कि विकास कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष जयराम साहू, ग्राम पंचायत के सरपंच, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्रवासियों ने सांसद संतोष पांडेय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button