CG – इंडियन पब्लिक स्कूल में शिक्षा के साथ संस्कार की अलख : भक्ति, उत्साह के साथ बप्पा को दी भावभीनी विदाई, पढ़े पूरी ख़बर
कोरबा//बौद्धिक शिक्षा के साथ नैतिक और संस्कारित शिक्षा की अलख जगा रहे इंडियन पब्लिक स्कूल पाली में गणेशोत्सव का समापन बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय माहौल में हुआ। प्रतिवर्ष की भांति गौरवशाली परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी विद्यालय में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई थी, जिसका बीते शनिवार को विधि- विधान से विसर्जन किया गया।
पिछले कई वर्षों से विद्यालय परिसर में गणपति बप्पा के आगमन से भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। विद्यार्थियों ने रोज सुबह- शाम आरती, पूजा- अर्चना कर बुद्धि, विवेक और ज्ञान के दाता से सुख- समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समापन के अवसर पर विसर्जन से पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अंतिम पूजा- अर्चना की गई। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राएं और शिक्षक एक साथ ढोल- नगाड़ों के बीच “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के गगनभेदी जयघोष लगाते हुए विसर्जन स्थल नगर के हृदयस्थली नौकोनिया तालाब पहुँचे।
छोटे-छोटे बच्चों के चेहरे पर बप्पा को विदा करने का भावुक उत्साह और उमंग देखते ही बन रहा था। श्रद्धा और उल्लास के बीच भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन सम्पन्न हुआ। शिक्षा के साथ संस्कृति के इस संगम को लेकर विद्यालय के डायरेक्टर राकेश मिश्रा ने कहा कि इंडियन पब्लिक स्कूल सिर्फ किताबी ज्ञान नही, बल्कि भारतीय संस्कृति और संस्कारों की पाठशाला है। उन्होंने कहा भगवान श्री गणेश ज्ञान, बुद्धि, शुभ और लाभ के प्रतीक हैं। हम चाहते हैं कि हमारे विद्यार्थी आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी जड़ों से जुड़े रहें।
ऐसे धार्मिक आयोजन उनमें एकता, अनुशासन, सहयोग और भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना पैदा करते हैं, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। इस सफल आयोजन में विद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटर कुणाल महापात्रा, प्रिंसिपल संतोष देवनाथ के साथ शिक्षिकाओं चित्रलेखा चौबे, साक्षी जायसवाल, अंजू पटेल, ममता जगत, अनामिका देवनाथ सहित पूरे विद्यालय परिवार ने बढ़- चढ़कर योगदान दिया। स्कूल प्रबंधन ने सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए भगवान श्री गणेश से सभी विद्यार्थियों के जीवन मे ज्ञान, सुख और समृद्धि का आशीर्वाद बनाए रखने की कामना की।



