11 अप्रैल से बदल जाएगा स्कूलों का समय, सुबह 7:30 बजे से लगेंगी कक्षाएं, आदेश जारी

((नयाभारत सितेश सिरदार छत्तीसगढ़):–
अम्बिकापुर: सरगुजा जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के संचालन समय में बड़ा बदलाव किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय द्वारा जारी ताजा आदेश के अनुसार, आगामी 11 अप्रैल 2026 से जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों का संचालन सुबह की पाली में किया जाएगा। अब सभी स्कूल पूर्ववत सुबह 7:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 11:30 बजे तक संचालित होंगे।
वर्तमान में जिले में छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल की परीक्षाएं और कक्षा 1 से 8वीं तक की स्थानीय वार्षिक परीक्षाएं प्रथम पाली में आयोजित की जा रही हैं। वहीं, कक्षा 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं दोपहर की दूसरी पाली में संपन्न हो रही हैं। यह परीक्षाएं 10 अप्रैल 2026 को समाप्त हो जाएंगी, जिसके तुरंत बाद अगले दिन यानी 11 अप्रैल से नया समय लागू कर दिया जाएगा।
बढ़ते तापमान को देखते हुए विभाग ने विशेष सावधानी बरतने के निर्देश भी जारी किए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयीन छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अन्य स्टाफ को भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने होंगे। स्कूल प्रबंधन को निर्देशित किया गया है कि वे गर्मी से बचाव की सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर लें ताकि बच्चों के स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।