धमतरी में चाकूबाजी से सनसनी! युवकों पर जानलेवा हमला, 3 आरोपी गिरफ्तार—सीधे जेल..!

Chhattisgarh धमतरी। शहर के रतन कॉलोनी में युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और लकड़ी का बत्ता भी जब्त किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 और 3 अक्टूबर की दरमियानी रात विवाद के दौरान चंदेश्वर ध्रुव और बीच-बचाव करने पहुंचे उनके साथी पर चाकू से हमला किया गया, जिससे दोनों को चोटें आईं। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल मसीह (26 वर्ष), नितांत मसीह उर्फ प्रिंस मसीह (26 वर्ष) और सौरभ मसीह उर्फ रिंकू मसीह (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों रतन कॉलोनी, महिमासागर वार्ड, धमतरी के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 12.7 इंच लंबा धारदार लोहे का चाकू और लकड़ी का बत्ता जब्त किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 118(1), 351(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में असामाजिक तत्वों और चाकूबाजी की घटनाओं में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।